ससुर सुनील शेट्टी के बर्थडे पर केएल राहुल ने लुटाया प्यार, 'अन्ना' से सरेआम की ये खास रिक्वेस्ट
KL Rahul wishes Suniel Shetty: बॉलीवुड के अन्ना यानी सुनील शेट्टी आज यानी 11 अगस्त 2025 को अपना 64वां जन्मदिन मना रहे हैं। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज़ केएल राहुल ने सुनील शेट्टी को उनके जन्मदिन पर बेहद खास अंदाज़ में बधाई दी। 11 अगस्त यानी सोमवार को 64 साल के हुए सुनील शेट्टी के लिए राहुल ने सोशल मीडिया पर एक प्यारा संदेश शेयर किया है।
केएल राहुल ने खास अंदाज में दी बधाई (KL Rahul wishes Suniel Shetty)
केएल राहुल ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें सुनील शेट्टी और उनके बेटे अहान शेट्टी नजर आ रहे थे। इसके साथ उन्होंने लिखा कि हैप्पी बर्थडे अज्जा @suniel.shetty। आप जो भी करते हैं, उससे हमें प्रेरित करते रहिए। और कृपया थोड़ा आराम भी कीजिए। यह मैसेज फैंस को काफी पसंद आ रहा है। फैंस लगातार राहुल के इस पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रियाएं देने का काम कर रहे हैं।

क्रिकेट से है सुनील शेट्टी का खास कनेक्शन
बता दें कि सुनील शेट्टी की बेटी अथिया शेट्टी और केएल राहुल ने 23 जनवरी 2023 को खंडाला स्थित सुनील के फार्महाउस में शादी की थी। इस साल 24 मार्च को दोनों पहली बार माता-पिता बने और उनकी बेटी ईवाराह का जन्म हुआ। सुनील शेट्टी न सिर्फ अपने दामाद राहुल बल्कि टीम इंडिया के भी बड़े फैन हैं। इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई पांच टेस्ट मैचों की सीरीज़ के आखिरी मुकाबले में वह लंदन के ओवल स्टेडियम में मौजूद थे।
जीत के बाद सुनील शेट्टी का वीडियो हुआ था वायरल
यह मैच बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंचा था। पांचवें दिन इंग्लैंड को जीत के लिए 35 रन चाहिए थे और उसके चार विकेट बाकी थे। तभी मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए भारत को मात्र छह रनों से जीत दिला दी। इस जीत के साथ सीरीज़ 2-2 से ड्रॉ रही। टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत पर सुनील शेट्टी स्टैंड्स में खुशी से झूम उठे। उनका रिएक्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे फिल्मफेयर ने भी शेयर किया।
राहुल का शानदार प्रदर्शन
केएल राहुल इस सीरीज़ में भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज़ों में से एक साबित हुए। उन्होंने 10 पारियों में 532 रन बनाए, जिसमें दो शतक और दो अर्धशतक शामिल रहे। वह सीरीज़ के तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ रहे। सीरीज़ में शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 754 रन बनाए और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज़' चुना गया। इंग्लैंड की तरफ से हैरी ब्रूक ने 481 रन बनाए। वहीं, ओवल टेस्ट में 9 विकेट लेने वाले मोहम्मद सिराज को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब मिला












Click it and Unblock the Notifications