Asia Cup के लिए आयोजित कैंप में शामिल होंगे केएल राहुल और श्रेयस अय्यर, मैदान पर वापसी को लेकर आया बड़ा अपडेट
Asia Cup 2023: एशिया कप 2023 का आगाज 30 अगस्त से होने जा रहा है। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 17 सितंबर को खेला जाएगा। टीम इंडिया ने टूर्नामेंट के लिए तैयारियां तेज कर दी है। इस क्रम में एशिया कप कैंप 24 से 29 अगस्त तक बेंगलुरु के एनसीए (NCA) में लगेगा, जिसमें केएल राहुल और श्रेयस अय्यर भी 21 अगस्त को शामिल होने के लिए तैयार हैं।
दरअसल, बीसीसीआई (BCCI) के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि दोनों खिलाड़ी पूरी तरह से फिट नहीं होने पर भी कैंप में शामिल होंगे। अधिकारी ने बताया कि, 'दोनों कैंप में रहेंगे। भले ही केएल या श्रेयस पूरी तरह से फिट न हों, लेकिन वे टीम का अहम हिस्सा हैं। इसलिए, दोनों कैंप में शामिल होंगे।

राहुल और अय्यर अपनी-अपनी चोटों से उबर रहे हैं। चोट के कारण ही दोनों खिलाड़ियों को आईपीएल 2023 और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से बाहर होना पड़ा था। राहुल ने जून में यूके में हैमस्ट्रिंग की सर्जरी कराई थी, जबकि अय्यर का अप्रैल में यूके में बैक स्ट्रेस फ्रैक्चर का ऑपरेशन हुआ था। दोनों खिलाड़ी एनसीए में मेडिकल स्टाफ की देखरेख में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं।
बीसीसीआई अधिकारी ने कहा कि राहुल और अय्यर अपनी रिकवरी प्रक्रिया के तहत शिविर में शामिल होंगे और एशिया कप के लिए मंजूरी मिलने से पहले टीम मैनेजमेंट उनका मूल्यांकन करेगा।
इनसाइड स्पोर्ट्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारी ने बताया कि, 'वे दोनों अच्छी रिकवरी कर रहे हैं और हमें उम्मीद है कि वे टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध होंगे। दोनों 21 अगस्त को शिविर में शामिल होंगे और बाकी टीम के साथ ट्रेनिंग लेंगे। वे अपनी फिटनेस और फॉर्म का परीक्षण करने के लिए कुछ अभ्यास मैच भी खेलेंगे।'
पाकिस्तान और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में एशिया कप 30 अगस्त से 17 सितंबर तक होने वाला है। भारत को पाकिस्तान और नेपाल के साथ ग्रुप ए में रखा गया है, जबकि बांग्लादेश, अफगानिस्तान और श्रीलंका ग्रुप बी में हैं। टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल के तहत खेला जाएगा, जिसमें पाकिस्तान दो स्थानों पर चार मैचों की मेजबानी करेगा और श्रीलंका शेष खेलों की मेजबानी करेगा।
भारत अपने एशिया कप 2023 अभियान की शुरुआत 2 सितंबर को कैंडी में पाकिस्तान के खिलाफ करेगा, इसके बाद 4 सितंबर को कैंडी में नेपाल के खिलाफ और 6 सितंबर से सुपर फोर में मैच खेलेगा। फाइनल 17 सितंबर को कोलंबो में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications