काव्या मारन ने 7 करोड़ में खरीदा पाकिस्तानी खिलाड़ी, अब खेलने पर संकट, PCB ने कर दिया तगड़ा गेम
Kavya Maran: खेल की दुनिया में जब पैसा, राष्ट्रीय गौरव और प्रशासनिक फैसले आपस में टकराते हैं, तो मैदान के बाहर की कहानी पिच से ज्यादा रोमांचक हो जाती है। ऐसा ही कुछ इस समय पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर अबरार अहमद के साथ हो रहा है। वह एक बड़ी रकम से हाथ धो बैठेंगे।
इंग्लैंड की प्रतिष्ठित लीग 'द हंड्रेड' में पहली बार चुने गए अबरार को सनराइजर्स लीड्स ने करीब 7 करोड़ रुपये की (पाकिस्तानी करेंसी) भारी-भरकम राशि पर अपने साथ जोड़ा था। फ्रेंचाइजी मालकिन काव्या मारन ने जब उन पर दांव लगाया, तो सरहद के दोनों पार क्रिकेट गलियारों में हलचल मच गई थी।

पीसीबी ने कर दिया गेम
अब उनकी इस पहली विदेशी उड़ान के ठीक सामने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की एक अंदरूनी रणनीति दीवार बनकर खड़ी हो गई है। वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज के लिए पाकिस्तानी चयनकर्ताओं की नजरें अबरार अहमद पर टिक गई हैं।
खिलाड़ी के सामने दो रास्ते
यह फैसला अबरार के लिए किसी दोराहे से कम नहीं है, जहां एक तरफ करोड़ों का चमचमाता अनुबंध है और दूसरी तरफ देश की सफेद जर्सी। 'द हंड्रेड' लीग का आगाज 21 जुलाई से होना है, जबकि इसके ठीक चार दिन बाद यानी 25 जुलाई से पाकिस्तान-वेस्टइंडीज का पहला टेस्ट मैच शुरू हो जाएगा। तारीखों का यह सीधा टकराव खिलाड़ी को अपनी प्राथमिकताओं को चुनने में मुश्किल पैदा कर रहा है।
पीसीबी ने दी थी एनओसी
प्रशासनिक स्तर पर देखें तो पीसीबी ने पहले अबरार को इस लीग का हिस्सा बनने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) दे दिया था, जिससे उनके इंग्लैंड जाने का रास्ता साफ लग रहा था। मगर टेस्ट टीम की तात्कालिक जरूरत और घरेलू मैदान पर सीरीज जीतने के दबाव ने बोर्ड को अपनी रणनीति बदलने पर मजबूर किया है। एक स्पिनर के तौर पर अबरार को पाक टीम के लिए ख़ास नाम माना जाता है। यही वजह है कि बोर्ड अब उन्हें रिलीज करने के मूड में नहीं दिख रहा है।
काव्या की हुई थी जमकर आलोचना
इस पूरे घटनाक्रम ने सनराइजर्स कैंप की चिंताओं को भी बढ़ा दिया है। काव्या मारन ने जब अबरार को साइन किया था, तब सोशल मीडिया पर पारंपरिक प्रतिद्वंद्विता के चलते उन्हें तीखी प्रतिक्रियाओं और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। उस बड़े विवाद के बाद अगर उनका मुख्य मिस्ट्री स्पिनर बिना एक भी गेंद फेंके टूर्नामेंट से बाहर हो जाता है, तो यह फ्रेंचाइजी के रणनीतिक और वित्तीय गणित को पूरी तरह बिगाड़ देगा।













Click it and Unblock the Notifications