Net Worth: 8 साल तक जिसे भुला दिया, अब करोड़ों की कमाई कर रहे करुण नायर! आंकड़े सुनकर यकीन नहीं होगा
Karun Nair Net Worth: 10 दिसंबर 2022 को करुण नायर ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा था, 'प्रिय क्रिकेट, मुझे एक और मौका दो।' और अब 24 मई को शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम में, 8 साल बाद इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए उन्हें मौका मिल गया है। करुण ने पिछला टेस्ट 2017 में खेला था और तब से उनकी वापसी का क्रिकेट फैंस को बेसब्री से इंतजार था।
साल 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 303 रन बनाकर करुण नायर ने इतिहास रचा था, लेकिन इसके बाद उनका करियर रुक-सा गया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। 2018 के इंग्लैंड दौरे पर मौका नहीं मिला और हनुमा विहारी को मौका दिया गया। इसके बाद करुण कुछ समय के लिए क्रिकेट से दूर हो गए, लेकिन उनके अंदर की आग बुझी नहीं।

इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट ने दी वापसी की राह
2023 में करुण ने इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट में धमाकेदार वापसी की। नॉर्थहैम्पटनशायर के लिए उन्होंने नाबाद 144 रन बनाए, जबकि 2024 में ग्लैमोर्गन के लिए नाबाद 202 की शानदार पारी खेली। यही उनकी वापसी की नई शुरुआत बनी।
घरेलू क्रिकेट में धमाल, आईपीएल में कीमत बरकरार
2024-25 के घरेलू क्रिकेट सीजन में करुण नायर ने शानदार प्रदर्शन किया। रणजी ट्रॉफी में उन्होंने विदर्भ की ओर से खेलते हुए 9 मैचों में 4 शतक जड़कर कुल 863 रन बनाए और टीम को चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई।
वहीं, विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने सिर्फ 8 पारियों में 5 शतक ठोककर 779 रन बनाए, जिसने उन्हें दोबारा टीम इंडिया की ब्लू जर्सी तक पहुंचा दिया। आईपीएल 2025 में भले ही दिल्ली कैपिटल्स ने इस बार उन्हें केवल 50 लाख रुपये में खरीदा है, लेकिन हर मौके पर करुण ने खुद को साबित किया।
करुण नायर की नेटवर्थ: खिलाड़ी से ब्रांड तक
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2025 में करुण नायर की अनुमानित नेटवर्थ ₹50 से ₹55 करोड़ के बीच है, उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट्स से आता है। इसके अलावा घरेलू क्रिकेट, काउंटी क्रिकेट और ब्रांड एंडोर्समेंट्स से भी उनकी अच्छी-खासी इनकम है। अब करुण सिर्फ खिलाड़ी नहीं, बल्कि एक मजबूत ब्रांड बन चुके हैं- जो उनकी मेहनत और धैर्य का नतीजा है।












Click it and Unblock the Notifications