'डिविलियर्स भी ऐसे क्लीन हिटर नहीं थे', कपिल देव ने सूर्यकुमार को बताया सदी में एक बार का बल्लेबाज
एबी डिविलियर्स से होने वाली अपनी तुलना को इंजॉय कर रहे सूर्यकुमार यादव के रूप में कपिल देव ने ऐसे बल्लेबाज की झलक देखी है जो सचिन, डिविलियर्स, पोंटिंग से भी बढ़िया क्लीन हिटिंग करता है।

सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी ने एबी डिविलियर्स के फैंस को मजबूर कर दिया कि वे ट्विटर पर आए और अपने चेहते सितारे की प्रतिष्ठा को कमजोर पड़ने से बचाने के लिए मुहिम चलाने लगे। किसी ने डिविलियर्स की बैटिंग के कई वीडियो शेयर किए जहां वे मैदान के हर कोने में बेहद आसानी से शॉट लगा रहे हैं तो किसी ने कहा कि सूर्यकुमार 360 डिग्री नहीं बल्कि केवल फाइन लेग में मजूबत पकड़ रखने वाले खिलाड़ी हैं। खैर ये तो फैंस की बातें हैं। डिविलियर्स की महानता कोई नहीं छीन सकता लेकिन यादव ने साबित कर दिया है कि उनकी बैटिंग भी अगले लेवल की है।
भारतीय क्रिकेट आइकन कपिल देव ने सूर्यकुमार यादव को "सदी में एक बार" आने वाले खिलाड़ी के रूप में पहचाना है। 32 वर्षीय यादव ने शनिवार को राजकोट में तीसरे टी20 में श्रीलंका के खिलाफ प्रलंयकारी प्रदर्शन करते हुए 51 गेंदों में नाबाद 112* रन बनाए, जिससे भारत को सीरीज जीतने में मदद मिली।
1983 के विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार के प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर पूरी तरह से मानों निःशब्द रह गए और उन्होंने यादव की तुलना सचिन, रिचर्ड्स, कोहली और रिकी पोंटिंग जैसे आइकन से की।
एबीपी न्यूज से बात करते हुए कहा, "कभी-कभी मेरे पास शब्दों की कमी होती है कि उनकी पारी का वर्णन कैसे करूं। जब हम सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा और विराट कोहली को देखते हैं तो हमें लगता है कि एक दिन कोई ऐसा खिलाड़ी होगा जो हमें यह सोचने पर मजबूर कर देगा कि वह भी उस लिस्ट का हिस्सा है। वाकई भारत में बहुत टैलेंट है। और जिस तरह की क्रिकेट वह खेलता है, वह फाइन लेग पर शॉट मारता है, फिर इससे गेंदबाज डर जाता है क्योंकि वह खड़े होकर मिड-ऑन और मिड-विकेट पर छक्का मार सकता है।"
कपिल ने सूर्यकुमार को एक सदी में एक बार का बल्लेबाज बताते हुए एबी डिविलियर्स, तेंदुलकर, कोहली और पोंटिंग के साथ उनकी तुलना की। उन्होंने कहा कि ये सभी दिग्गज खिलाड़ी हैं लेकिन हर किसी के पास गेंद को इतनी सफाई से हिट करने की क्षमता नहीं है जितनी सूर्यकुमार की है।
कपिल ने कहा, "यही बात गेंदबाजों के लिए मुश्किल खड़ी करती है क्योंकि वह लगातार लाइन और लेंथ आसानी से पकड़ लेते हैं। मैंने डिविलियर्स, विवियन रिचर्ड्स, सचिन, विराट और रिकी पोंटिंग जैसे महान बल्लेबाज देखे हैं, लेकिन उनमें से बहुत कम गेंद को इतनी सफाई से हिट कर पाते हैं। सूर्यकुमार यादव को सलाम। इस तरह के खिलाड़ी सदी में एक बार ही आते हैं।"
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications