वर्ल्ड कप के दूसरे मैच से पहले न्यूजीलैंड की बढ़ी टेंशन, केन विलियमसन को लेकर हेड कोच ने दिया बड़ा अपडेट
World Cup 2023: न्यूजीलैंड को नीदरलैंड के खिलाफ 9 अक्टूबर को खेले जाने वाले वर्ल्ड कप के दूसरे मैच से पहले बड़ा झटका लगा है। कीवी टीम के स्टार बल्लेबाज केन विलियमसन इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। इंग्लैंड के खिलाफ शानदार जीत के बाद दूसरे मैच में नियमित कप्तान का न होना टीम को मुश्किल में डाल सकता है।
दरअसल, प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में न्यूजीलैंड के मुख्य कोच गैरी स्टीड ने विलियमसन की चोट की स्थिति पर अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि, 'केन बहुत अच्छी तरह से अपनी चोट से उबर रहे हैं। मुझे लगता है कि फील्डिंग अभी भी उनके लिए काफी महत्वपूर्ण है, लेकिन उन्हें अभी इससे थोड़ा ऊपर उठना होगा, और अपने शरीर पर थोड़ा अधिक भरोसा करना होगा।'

गैरी स्टीड ने आगे बताया कि, वह वास्तव में अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं, और हमें पूरा विश्वास है कि वह हमारे लिए तीसरा मैच खेलेंगे। हमें एक और ट्रेनिंग सेशन से गुजरना है, जिसके बाद हम एक बार (नीदरलैंड के खिलाफ मैच के लिए) टीम को अंतिम रूप दे देंगे।'
दरअसल, विलियमसन विश्व कप के शुरुआती मैच में नहीं खेल पाए थे, क्योंकि वह मार्च में इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान लगी घुटने की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए थे। न्यूजीलैंड का सामना सोमवार को नीदरलैंड से होगा जबकि विलियमसन 13 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे मैच में टीम में वापसी कर सकते हैं।
स्टीड ने लॉकी फर्ग्यूसन और टिम साउदी की फिटनेस पर भी अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि, 'लॉकी फर्ग्यूसन ने उस प्रशिक्षण को वास्तव में अच्छी तरह से पूरा कर लिया है। इसलिए, वह अगले मैच के लिए उपलब्ध होगा।'
उन्होंने बताया कि, 'टिम साउदी ने भी प्रशिक्षण बहुत अच्छे से पूरा किया। उन्हें गेंदबाजी क्रीज पर वापस आते हुए और थोड़ी फील्डिंग करते हुए देखकर बहुत अच्छा लगा। आज सुबह उनका अंतिम एक्स-रे होगा और फिर हम फैसला करेंगे।'












Click it and Unblock the Notifications