Kal Ka Match Kon Jeeta 30 March: कल का मैच कौन जीता- राजस्थान रॉयल्स vs चेन्नई सुपर किंग्स
Kal Ka Match Kon Jeeta: राजस्थान रॉयल्स के सामने चेन्नई सुपर किंग्स को करारी हार का सामना करना पड़ा। राजस्थान रॉयल्स (RR) ने इस मुकाबले में न केवल जीत दर्ज की, बल्कि चेन्नई को खेल के हर विभाग में चारों खाने चित कर दिया। जहां एक तरफ चेन्नई का मिडिल ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह ढह गया, वहीं दूसरी तरफ 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने वो कर दिखाया जिसे देखकर दिग्गजों ने भी दांतों तले उंगलियां दबा लीं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई की शुरुआत किसी डरावने सपने जैसी रही। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन, जिनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, महज 6-6 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद तो जैसे विकेटों की झड़ी लग गई। 51 रन के स्कोर पर आधी टीम डगआउट में बैठी थी। आयुष म्हात्रे अपना खाता तक नहीं खोल सके और मैथ्यू शॉर्ट भी 2 रन पर ढेर हो गए।

वो तो भला हो जेमी ओवरटन (43 रन) का, जिन्होंने निचले क्रम के साथ मिलकर कुछ साहसी शॉट खेले और टीम को 127 के सम्मानजनक (लेकिन अपर्याप्त) स्कोर तक पहुंचाया। राजस्थान के लिए नांद्रे बर्गर और संदीप शर्मा ने शुरुआत में जो घातक स्पेल डाले, उसी ने मैच की कहानी लिख दी थी।
128 रनों का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने कभी नहीं सोचा होगा कि जीत इतनी आसान होगी। वैभव सूर्यवंशी ने आते ही चेन्नई के गेंदबाजों को निशाना बनाना शुरू किया। उन्होंने मात्र 15 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। उनके शॉट्स में वो बेखौफ अंदाज था जो आज के दौर के टी20 क्रिकेट की मांग है।
वैभव ने अपनी पारी में छक्कों की ऐसी झड़ी लगाई कि धोनी के बिना खेल रही चेन्नई की टीम मैदान पर बिल्कुल लाचार नजर आई, 5 छक्कों और 4 चौकों से सूर्यवंशी ने 17 गेंद में 52 रन जड़े। दूसरे छोर पर यशस्वी जायसवाल 38 गेंदों में 36 रन बनाकर नाबाद लौटे और राजस्थान रॉयल्स को 12वें ओवर में 8 विकेट से जीत दिला दी।












Click it and Unblock the Notifications