Kal Ka Match Kon Jeeta 10 April: कल का मैच कौन जीता- राजस्थान रॉयल्स vs आरसीबी
Kal Ka Match Kon Jeeta: आईपीएल 2026 में गुवाहाटी के मैदान पर आरसीबी (Royal Challengers Bengaluru) ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 201 रन का बड़ा स्कोर (20 ओवर में 201/8) खड़ा कर दिया। राजस्थान रॉयल्स के सामने यह अच्छा स्कोर था लेकिन पर्याप्त साबित नहीं हुआ, राजस्थान रॉयल्स ने यह स्कोर हासिल कर इस सीजन लगातार चौथी जीत दर्ज कर ली।
आरसीबी की शुरुआत बेहद खराब रही और फिल सॉल्ट पहली गेंद पर बिना खाता खोले ही आउट हो गए। हालांकि इसके बाद विराट कोहली ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए 16 गेंदों में 32 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके लगाकर टीम को तेज शुरुआत देने की कोशिश की।

इस मैच में असली कमाल टीम के कप्तान रजत पाटीदार ने किया। उन्होंने 40 गेंदों में 63 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उनकी इस जिम्मेदार और आक्रामक पारी ने टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
अंत में रोमारियो शेफर्ड और वेंकटेश अय्यर ने भी अपना काम किया। दोनों ने क्रमशः 22 और 29 रनों की पारियां खेलते हुए आरसीबी का स्कोर 8 विकेट पर 201 रनों के कुल स्कोर तक पहुंचा दिया। राजस्थान रॉयल्स के लिए जोफ्रा आर्चर, बृजेश शर्मा और रवि बिश्नोई को 2-2 विकेट मिले।
जवाब में खेलते हुए राजस्थान रॉयल्स की खराब शुरुआत रही, यशस्वी जायसवाल महज 13 रन बनाकर आउट हो गए, इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने गदर मचा दिया और अकेले टीम को जीत की तरफ लेकर गए, उन्होंने 15 गेंदों में फिफ्टी जमा डाली। वह 26 गेंदों में 78 रन बनाकर आउट हुए, इस दौरान 7 छक्के और 8 चौके जड़े।
सूर्यवंशी का साथ ध्रुव जुरेल ने दिया, दोनों के बीच शतकीय भागीदारी हुई। बाद में हेटमायर और रोयाँ पराग के विकेट गिरे लेकिन रॉयल्स ने 8 ओवर में ही 129 का स्कोर हासिल कर लिया था। ध्रुव जुरेल और जडेजा ने बाद में आराम से खेलते हुए जीत हासिल कर ली। जुरेल ने भी अपनी फिफ्टी पूरी कर ली, अभिनंदन के एक ओवर में उन्होंने 24 रन जड़े।
जुरेल अंत तक नाबाद रहे, उन्होंने 43 गेंदों का सामना करते हुए 81 रन बनाए, इस दौरान उनके बल्ले से 8 चौके और 3 छक्के आए। उधर जडेजा भी नाबाद लौटे, वह 25 गेंदों में 24 रन बनाकर लौटे। राजस्थान रॉयल्स ने 18 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आरसीबी को सीजन में पहली हार का सामना करना पड़ा, उधर राजस्थान रॉयल्स ने लगातार चौथी बार जीत दर्ज कर ली।












Click it and Unblock the Notifications