इंग्लैंड को बड़ा झटका, चोट के चलते पूरे सीजन से बाहर हुए जोफ्रा आर्चर
इंग्लैंड के स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। वह पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रेस फ्रैक्चर होने के कारण आगामी पूरे सीजन का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।
नई दिल्ली, 19 मई। इंग्लैंड के स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। वह पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रेस फ्रैक्चर होने के कारण आगामी पूरे सीजन का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। आर्चर ने इंग्लैंड के लिए आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच पिछले साल 2021 में भारत दौरे पर खेला था। इसके बाद जुलाई 2021 में उन्होंने अपनी घरेलू टीम ससेक्स के लिए मैदान पर वापसी की थी, लेकिन फिर चोटिल होने के कारण वह क्रिकेट मैदान से दूर हो गए।

इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने बयान जारी कर कहा, ''पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रेस फ्रैक्चर होने के कारण जोफ्रा आर्चर इस इंग्लिश समर में नहीं खेल पाएंगे। उनकी वापसी की कोई समय सीमा निर्धारित नहीं है।''
टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर
जोफ्रा आर्चर का बाहर हो जाना टीम इंडिया के लिए कहीं न कहीं अच्छी खबर है। दरअसल, जून में रोहित एंड कंपनी को इंग्लैंड दौरे पर जाना है। जहां दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट, तीन वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। ये दौरा नए कप्तान रोहित शर्मा और नए हेड कोच राहुल द्रविड़ के लिए काफी अहम होने वाला है, ऐसे में जोफ्रा आर्चर का इंग्लैंड की टीम में न होना भारत के लिए राहत वाली बात है।
बता दें कि, भारत के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में जोफ्रा आर्चर ने 8 मैचों में कुल 11 विकेट हासिल किए हैं।
वर्ल्ड कप तक फिट होने की उम्मीद
इस साल अक्टूबर और नवंबर में ऑस्ट्रेलिया के मैदानों पर टी-20 वर्ल्ड कप खेला जाना है, तब तक जोफ्रा आर्चर फिट हो पाएंगे या नहीं ये एक बड़ा सवाल है। पिछले साल यूएई में खेले गए टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड की टीम ने आर्चर की कमी को साफतौर पर महसूस किया था।
पिछले 14 महीनों में आर्चर की तीन सर्जरी हो चुकी है। 27 वर्षीय आर्चर फिलहाल बारबाडोस में रिहैबिलिटेशन सेंटर में वापसी की तैयारी कर रहे थे। उम्मीद जताई जा रही थी कि वो 26 मई से ग्लेमॉर्गन के खिलाफ ससेक्स के लिए मैच में उपलब्ध रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications