विकेट लेने के बाद क्यों जश्न नहीं मनाते हैं जसप्रीत बुमराह, खुद किया कारणों का खुलासा
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच पंजाब के मोहाली में 4 मार्च से शुरू होना है। यह मैच कई मामलों में ऐतिहासिक रहने वाला है। जहां मोहाली के मैदान पर एक लंबे समय बाद टेस्ट क्रिकेट की वापसी हो रही है तो वहीं पर यह मैच पूर्व कप्तान विराट कोहली के करियर का 100वां मैच साबित होने वाला है। रोहित शर्मा भी टेस्ट प्रारूप में पहली बार टीम की कमान संभालते हुए नजर आयेंगे, तो साथ ही पहले भारतीय खिलाड़ी बन जायेंगे जो उस उम्र में जाकर टेस्ट टीम की कमान संभालेगा, जहां पर ज्यादातर खिलाड़ी अपनी कप्तानी को अलविदा कहते नजर आते हैं।

और पढ़ें: 'उससे तुलना करना बेवकूफी है, वो बेस्ट लीग है', ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने खत्म की IPL बनाम PSL की डिबेट

जब मैं छोटा था तो काफी जश्न मनाता था
जसप्रीत बुमराह ने इस दौरान खुद बताया कि वो क्रिकेट में विकेट लेने के बाद जश्न क्यों नहीं मनाते हैं। उन्होंने बताया कि कैसे वो पहले अपने जश्न मनाने के लिये तैयारी किया करते थे।
रिपोर्टर्स के साथ बात करते हुए उन्होंने बताया,'जब मैं छोटा था तो मैं बहुत जश्न मनाता था। मैं छोटी-छोटी चीजों पर उत्साहित हो जाता था और मैच से अपने जश्न प्लान किया करता था। लेकिन जब बात गंभीर क्रिकेट की आती थी तो मेरा सारा ध्यान इस बात पर होता था कि मैं टीम की जीत में कैसे योगदान दूं और उस प्रकिया में मैं खुद के निजी जश्न मनाना भूल गया।'

टीम के जश्न में मनाता हूं अपना जश्न
जसप्रीत बुमराह ने आगे बात करते हुए कहा कि जब मैंने अपना सारा ध्यान मौजूद काम पर लगाना शुरू कर दिया तो इसके लिये जगह नहीं बची। जब मैच खत्म होता तो वहां पर टीम के साथ जश्न मनाने का काफी समय होता है, तो मेरा काम जब तक पूरा नहीं होता है, तब तक मैं अपने रोल को अदा करने पर ध्यान देता हूं और जब टीम जीत जाती है तो उसके साथ जश्न मनाता हूं।
भारत और श्रीलंका के बीच खेले जाने वाले इस मैच का आगाज मोहाली के मैदान पर किया जाना, जहां पर विराट कोहली अपने करियर का 100वां टेस्ट मैच खेलते नजर आयेंगे।

100 टेस्ट पूरा करने पर जानें क्या बोले बुमराह
बुमराह ने विराट कोहली की इस उपलब्धि पर अपनी राय देते हुए कहा कि हर खिलाड़ी के लिये यह बेहद खास दिन होता है और यह दर्शाता है कि उसने कितनी मेहनत और जुनून के बाद यह उपलब्धि हासिल की है।
उन्होंने कहा,'किसी भी खिलाड़ी के लिये यह खास मौका होता है, आप जानते हैं कि यह किसी भी खिलाड़ी के लिये उसकी कड़ी मेहनत और जुनून का सबूत होता है। 100 टेस्ट मैच खेलना देश के लिये ऐसा मौका होता है जो बताता है कि उसने क्रिकेट के विकास में कितना योगदान दिया है और भारतीय टीम की सफलता में उनका कितना योगदान है। मुझे यकीन है कि आने वाले समय में भी वो ऐसे ही योगदान देते रहेंगे। कोहली के रिकॉर्ड की फेहरिस्त में यह एक और उपलब्धि है जो उनके करियर को बेहतरीन करती नजर आयेगी। मैं उनकी इस सफलता और उपलब्धि के लिये बहुत-बहुत बधाई देता हूं।'












Click it and Unblock the Notifications