कोलकाता में IPL टिकट बिक्री में लूट? 5 गुना बढ़ा दिए टिकटों के दाम, कितने रुपये का है न्यूनतम टिकट
Eden Gardens IPL Tickets: आईपीएल में पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेला जाएगा। केकेआर और आरसीबी के बीच मुकाबले के टिकट प्राइस आसमान छू रहे हैं और फैन्स को काफी ज्यादा निराशा हुई है। कई फैन्स ने तो यहाँ तक कहा है कि इस बार टिकटों में स्कैम हुआ है।
आम तौर पर ईडन गार्डंस को भारत के सबसे कम टिकट प्राइस वाले स्टेडियमों में गिना जाता है लेकिन इस बार ऐसा नहीं दिखा है। कुछ स्टैंड्स के टिकट तो पांच गुना तक बढ़ा दिए गए हैं। इसके अलावा न्यूनतम प्राइस वाली टिकटों की कीमतों में भी वृद्धि हुई है।

कोलकाता में टिकट प्राइस में वृद्धि
पहले 700 से कम प्राइस में न्यूनतम टिकट मिल जाया करती थी लेकिन इस बार यह 900 रुपये की कर दी गई है। इस टिकट के लिए ज्यादा स्टैंड्स भी नहीं रखे गए हैं। एल1 (L1) स्टैंड की कीमतों में भारी इजाफा किया गया है। साल 2023 में जहां इस स्टैंड में बैठकर मैच देखने के लिए 750 रुपये प्राइस थी, वहीं इस बार केकेआर-आरसीबी मैच के लिए 3500 रुपये प्राइस है। यानी पांच गुना फर्क है।
कितना है अधिकतम प्राइस
इस बार प्राइस 900 रुपये से शुरू होकर 15000 तक है। इनमें 2000, 3500, 5000, 6000, 10000 और 15000 तक की टिकट है। फैन्स ने साफ़ तौर पर टिकटों में इतनी वृद्धि को सही नहीं माना है। कोलकाता में रेगुलर आईपीएल देखने वाले कुछ फैन्स से वनइंडिया ने बात करके उनका पक्ष जानने का प्रयास किया, तो उन्होंने इस बार मैच नहीं देखने की बात कही।
फैन्स की क्या है प्रतिक्रिया
ईडन गार्डंस में नियमित मैच देखने वाले संदीप चौधरी ने कहा "एक क्रिकेट फैन होने के नाते जब आप देखते हो कि 750 की टिकट 3500 में मिल रही है, तो काफी संकोच होता है कि मैच देखने जाएं या नहीं। साढ़े तीन घंटे के लिए 3500 टिकट रेट बिलकुल भी जायज़ नहीं है। इस तरह से आप आम क्रिकेट फैन्स को स्टेडियम से दूर कर रहे हो। न्यूनतम टिकट 900 की कर देने से अब ब्लैक मार्केटिंग को भी बढ़ावा मिलेगा।"
भावेश नामक एक अन्य फैन ने इस मामले पर कहा "मैं क्रिकेट का उतना डाई हार्ट फैन नहीं हूँ लेकिन आईपीएल एक ऐसा मौका होता है कि मैं स्टेडियम जाकर मैच एन्जॉय कर सकूं लेकिन इस बार ज्यादा टिकट प्राइस होने से यह मौका भी हाथ से चला जाएगा। अब तो किसी टेस्ट मैच का ही इंतजार करना होगा कि जब स्टेडियम में मैच का लुत्फ़ उठा पाऊं। मैं प्राइस में इस तरह वृद्धि देखकर काफी निराश हुआ हूँ।"
सोशल मीडिया पर बवाल
कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में 68000 दर्शक एक साथ बैठकर मुकाबला देख सकते हैं। टिकटों के प्राइस को लेकर सोशल मीडिया पर भी बवाल देखने को मिला है। माइक्रोब्लॉगिंग साईट एक्स पर भी प्रशंसकों ने टिकट प्राइस को एक बड़ा घोटाला बताया।












Click it and Unblock the Notifications