क्या एशेज का आखिरी टेस्ट भी मिस करेंगे जोश हेजलवुड, जानिए जस्टिन लैंगर का क्या है कहना
नई दिल्लीः ऑस्ट्रेलिया ने ब्रिस्बेन में पहले टेस्ट के बाद से अपने प्रमुख गेंदबाज जोश हेजलवुड को मिस किया है क्योंकि उनको गाबा में एक साइड इंजरी का सामना करना पड़ा था और तब से वह कोई गेम नहीं खेल पाए हैं। हेजलवुड की जगह जे रिचर्डसन, माइकल नेसर और स्कॉट बोलैंड ने खेला है और बोलैंड ने तो वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है।

मौजूदा सिडनी टेस्ट में हेजलवुड के शामिल होने की संभावना थी, लेकिन ऐसा लगता है कि मेजबान टीम नहीं चाहती कि वह उनको अभी वापस ले। ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने संकेत दिया है कि हेजलवुड अंतिम टेस्ट से भी बाहर हो सकते हैं। पांचवां एशेज टेस्ट होबार्ट में गुलाबी गेंद से खेला जाना है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले तीन टेस्ट मैचों में ही एशेज हासिल कर ली थी और यह टीम विजयी प्लेइंग इलेवन के साथ खुश नजर आ रही है।
लैंगर ने फॉक्सस्पोर्ट्स के हवाले से कहा, "यह हेजलवुड के लिए मुश्किल रहा है, वह वास्तव में इस एशेज श्रृंखला में हर किसी की तरह खेलना चाहते हैं वह तीन मैचों को चूक गए हैं। मैं अगर अनुमान लगाऊं तो मुझे लगता है कि वह शायद अगला टेस्ट मैच नहीं खेलेंगे, लेकिन हम इंतजार करेंगे और देखेंगे।"
पांचवां और अंतिम टेस्ट 14 जनवरी से होबार्ट के बेलेरिव ओवल में शुरू होगा। ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी बार इस स्थान पर नवंबर 2016 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक टेस्ट मैच खेला था जिसे प्रोटियाज ने एक पारी और 80 रन से जीता था। इंग्लैंड अपना पहला मैच इसी मैदान पर खेलेगा जहां 1989 के बाद से ऑस्ट्रेलिया को केवल दो टेस्ट मैच हारे हैं।
इस बीच, सिडनी में चल रहे टेस्ट मैच में, जॉनी बेयरस्टो ने तीसरे दिन 140 गेंदों पर 103 रन बनाए जहां बेन स्टोक्स ने भी 66 रन बनाए। बेयरस्टो और बेन स्टोक्स के बीच 128 रनों की साझेदारी ने सुनिश्चित किया कि इंग्लैंड के पास कुछ स्कोर रहे। मार्क वुड ने भी 41 गेंदों पर 39 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल थे। फिर भी इंग्लैंड 294 रन पर ही ढेर हो गया जबकि ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 416 रन बनाए थे। अब इंग्लैंड के पास पांचवे दिन हार टालने के लिए पूरे दिन बैटिंग करने का चैलेंज है जबकि ऑस्ट्रेलिया को यह सीरीज 4-0 से आगे करने के लिए 10 विकेटों की दरकार है।












Click it and Unblock the Notifications