'मुंबई को IPL में...,' इरफान पठान को पसंद आया पीयूष चावला का प्रदर्शन, MI को दिया खिताब जीतने का मंत्र
इरफान पठान का कहना है कि 'अगर मुंबई इंडियंस को खिताब जीतना है तो पीयूष चावला को पर्पल कैप जीतनी होगी। पीयूष चावला एमआई के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं। उन्होंने अपना पूरा अनुभव लगा दिया है, और सही लय में गेंदबाजी कर रहे हैं।'

IPL 2023: आईपीएल के 35वें मैच में आज डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस का सामना मुंबई इंडियंस से हो रहा है। जीटीके लिए मुंबई के अनुभवी स्पिन बॉलर पीयूष चावला किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होंगे, क्योंकि पीयूष लगातार शानदार परफॉर्म में चल रहे हैं। इस बीच भारत के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी इरफान पठान ने लेग स्पिनर चावला की प्रशंसा की है। उनका मानना है कि आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बनकर उभरे हैं और अगर रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम को अपना छठा खिताब जीतना है तो उनका प्रदर्शन महत्वपूर्ण होगा।
दरअसल, मुंबई इंडियंस की 16वें सीजन में बेशक खराब शुरुआत हुई थी, लेकिन इसके बाद टीम ने लगातार जीत की हैट्रिक लगाई थी, हालांकि, रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई को शनिवार को पिछले मैच में पंजाब के खिलाफ 13 रन से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन अनुभवी स्पिनर पीयूष चावला ने वानखेड़े स्टेडियम में रन-फेस्ट में किफायती गेंदबाजी की। पठान ने अनुभवी लेग स्पिनर की प्रशंसा करते हुए सुझाव दिया कि पांच बार के चैंपियन को उनका सपोर्ट करने की जरूरत है।
एमआई के लिए पीयूष चावला ने लगा दिया पूरा अनुभव
इरफान पठान ने स्टार स्पोर्ट्स क्रिकेट लाइव पर बातचीत करते हुए कहा कि, 'पीयूष चावला एमआई के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं। उन्होंने अपना पूरा अनुभव लगा दिया है। और सही रणनीति के साथ लय में गेंदबाजी कर रहे हैं। मुंबई को उनका साथ देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि एमआई को अच्छा प्रदर्शन करने के लिए, चावला को आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाला गेंदबाज बनना होगा।'
मुंबई के लिए मुख्य गेंदबाज के रूप में सामने आए पीयूष चावला
चावला छह मैचों में नौ विकेट लेकर मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी के मुख्य गेंदबाज के रूप में उभरे हैं। सीएसके के पूर्व स्पिनर ने रवि बिश्नोई और कुलदीप यादव जैसे कुछ खिलाड़ियों को पछाड़ दिया है और पर्पल कैप की सूची में उनसे ऊपर 11वें स्थान पर विराजमान हैं। उन्होंने 17.55 के शानदार औसत और 6.86 की खराब इकॉनमी से विकेट लिए हैं।
जीत की राहत पर लौटने की तैयारी में मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस ने पिछले मैच में पंजाब किग्स के खिलाफ मैच गंवा दिया था। पिछली हार के बाद एमआई आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस का सामना कर रही है, ऐसे में कप्तान रोहित शर्मा ने जीत की राह पर लौटने की उम्मीद के साथ ही टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। अहमदाबाद में अगर जीटी आज का मैच जीतती हो तो अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच जाएगी।
गुजरात के अच्छे प्रदर्शन का श्रेय आशीष नेहरा को दिया
पठान का मानना है कि गुजरात एक संतुलित टीम है, और उन्होंने टीम के लगातार प्रदर्शन का श्रेय मुख्य कोच आशीष नेहरा को दिया है। पठान ने कहा कि, गुजरात टाइटंस इस सीजन में भी एक बहुत मजबूत टीम की तरह दिख रही है। पिछले सीजन में उनका अनुभव इस बार अच्छे से नजर आ रहा है, और यही उन्हें विपक्षी टीम के खिलाफ खतरनाक बनाता है।












Click it and Unblock the Notifications