South Africa में जल्द शुरू होगा मिनी IPL; CSK, MI समेत इन आईपीएल टीमों ने खरीदी फ्रेंचाइजी
क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने एक नई घरेलू टी20 लीग की शुरुआत की घोषणा की थी।
नई दिल्ली, 19 जुलाई। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने एक नई घरेलू टी20 लीग की शुरुआत की घोषणा की थी। यह आईपीएल, बीबीएल और दी हंड्रेड जैसी अन्य वैश्विक लीगों के साथ प्रतिस्पर्धा करेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लीग की छह फ्रेंचाइजी को आईपीएल मालिकों द्वारा खरीदा गया है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक मुकेश अंबानी की मुंबई इंडियंस, एन श्रीनिवासन की चेन्नई सुपरकिंग्स, पार्थ जिंदल की दिल्ली कैपिटल्स, मारन परिवार की सनराइजर्स हैदराबाद, संजीव गोयनका की लखनऊ सुपरजायंट्स और मनोज बदाले की राजस्थान रॉयल्स ऐसी छह फ्रेंचाइजियां हैं जो दिलचस्पी दिखा रही हैं। यह लीग 2023 में शुरू होगी।

प्रिटोरिया कैपिटल कहलाएगी दिल्ली
क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका यह कहता रहा है कि फ्रेंचाइजी के चयन की घोषणा इस महीने के अंत में ही की जाएगी, वेबसाइट ने पुष्टि की कि आईपीएल टीम के मालिकों को उनकी सफल बोलियों के बारे में सूचित कर दिया गया है और उनसे शहरों के बारे में उनकी पसंद के बारे में पूछा गया है। मुंबई इंडियंस केप टाउन में अपनी टीम बनाने के लिए तैयार है। एमएस धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स को जोहान्सबर्ग में स्थित फ्रेंचाइज़ी दिए जाने की संभावना है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स की टीम प्रिटोरिया, सेंचुरियन में स्थित होगी और प्रिटोरिया कैपिटल कहलाएगी।

LSG ने डरबन में दिखाई रुचि
पिछले साल आईपीएल की लखनऊ फ्रेंचाइज़ी खरीदने वाले संजीव गोयनका ने डरबन फ्रेंचाइजी में दिलचस्पी दिखाई है। शेष दो शहरों में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम पोर्ट एलिजाबेथ में जबकि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोरु ने पार्ल में दिलचस्पी दिखाई है। सीएसए के सीईओ फोलेत्सी मोसेकी ने कहा, "हम इस ताजा और स्फूर्तिदायक लीग के गठन से उत्साहित हैं, जो फ्रेंचाइजी में निजी निवेश का अवसर भी प्रदान करता है।"
- मुंबई इंडियंस: केप टाउन
- चेन्नई सुपर किंग्स: जोहान्सबर्ग
- दिल्ली कैपिटल्स: सेंचुरियन
- लखनऊ सुपर जायंट्स: डरबन
- सनराइजर्स हैदराबाद: पोर्ट एलिजाबेथ
- राजस्थान रॉयल्स: पार्ली

यूएई लीग से होगा टकराव
मुंबई और चेन्नई ने सबसे बड़ी करीब 250 करोड़ रुपये की बोली लगाई है। आईपीएल मॉडल के अनुसार, प्रत्येक फ्रेंचाइजी को 10 साल के लिए फ्रेंचाइज़ी फीस का 10 प्रतिशत का पे करना होगा। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में एक और आगामी लीग के साथ साउथ अफ्रीकी लीग की तारीखों का टकराव होगा, जिसकी शुरुआत जनवरी-फरवरी, 2023 तक हो सकती है। माना जाता है कि कप्तान जोस बटलर और ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन सहित इंग्लैंड के शीर्ष टी 20 खिलाड़ी सीएसए लीग में खेलने के इच्छुक हैं। मोईन अली यूएई लीग में खेलने के लिए तैयार हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications