नहीं भूल पाएंगे IPL नीलामी के ये मजेदार पल, जब शाहरुख के लिये रजनीकांत बन गए जोंटी रोड्स
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में हिस्सा लेने वाली 10 टीमों के खिलाड़ियों को चुनने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है। खिलाड़ियों को चुनने के लिये बीसीसीआई की ओर से मेगा ऑक्शन का आयोजन किया गया, जिसमें 600 खिलाड़ियों पर बोली लगाई गई। दो दिनों तक चली इस नीलामी के बाद जहां सिर्फ 4 टीमों ने ही अपने कुल खिलाड़ियों के कोटा को पूरा किया तो वहीं बाकी की टीमों ने कम से कम 18 खिलाड़ियों के होने की शर्त को पूरा किया लेकिन फिर भी कुछ स्लॉट खाली रह गये हैं। बेंगलुरू में आयोजित हुई इस नीलामी के दौरान कुछ डरा देने वाले पल भी देखने को मिले तो फ्रैंचाइजी मालिकों के बीच कुछ मजेदार पल भी देखने को मिले जिसे फैन्स कभी भुला नहीं पायेंगे।

और पढ़ें: 4 दिग्गज खिलाड़ी जिनका खत्म हो गया है IPL करियर, ऑक्शन में नहीं मिला खरीदार
जब शाहरुख खान के लिये जोंटी रोडस बने रजनीकांत
आईपीएल ऑक्शन के दौरान कई मजेदार पल देखने को मिले जिसमें एक पल तब आया जब तमिलनाडु के विस्फोटक बल्लेबाज शाहरुख खान के नाम पर बोली लगनी शुरू हुई। शाहरुख खान को लेने के लिये कई टीमों ने बोली लगाई लेकिन इस दौरान जब सबसे मजेदार बोली रही वो थी चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच, जहां पर सीएसके की टीम के शाहरुख खान के लिये पीछे हटने को तैयार नहीं थी तो वहीं पर पंजाब किंग्स के लिये भी नेस वाडिया लगातार टिके हुए थे। इस दौरान जब बोली 7 करोड़ को पार कर गई तो सीएसके के काशी विश्वनाथन ने फिल्मी अंदाज में आंखों से चश्मा हटाकर बिडिंग पैड को उठाया और अगली बोली लगाई। जवाब में पंजाब किंग्स की टीम सोचती नजर आयी लेकिन पीछे बैठे फील्डिंग कोच जोंटी रोडस भी उनके अंदाज से रोमांचित होते नजर आये और उन्होंने भी रजनीकांत के अंदाज में चश्मा पहनकर दिखाया और अगली बोली लगाई। पंजाब किंग्स ने अंत में 9 करोड़ की बोली लगाकर शाहरुख खान को एक बार फिर से अपने खेमे में बरकरार रखा है।
आवेश खान को लेने पर खुशी से झूमे गौतम गंभीर
नीलामी में दूसरा मजेदार मौका तब आया जब आवेश कान के नाम पर बोली लगनी शुरू हुई। आवेश खान के लिये लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम ने शुरू से ही बोली लगाना शुरू किया, जिसके बाद सीएसके ने उन्हें बिड वॉर में कड़ी टक्कर दी। इसके चलते 20 लाख के बेस प्राइस वाले इस खिलाड़ी का प्राइस कुछ ही सेकेंडस में 5 करोड़ के पार पहुंच गया। 5 करोड़ पार करते ही इस बिड वॉर को मुंबई इंडियंस ने भी ज्वाइन कर लिया। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने आखिरी मिनट में एंट्री मारी, सनराइजर्स हैदराबाद भी रेस में आ गई, हालांकि लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम ने हार नहीं मानी और 10 करोड़ रुपये में उन्हें अपने खेमे में शामिल कर लिया। आवेश खान को खरीदने के बाद टीम के मेंटॉर गौतम गंभीर और मालिक संजीव गोयंका खुशी से झूमते नजर आये और जैसे मैदान पर जश्न मनाते हैं वैसे ही ऑक्शन हॉल में जश्न मनाते दिखे।
ईशान किशन को लेने के लिये आकाश अंबानी ने लगाया पूरा जोर
आईपीएल ऑक्शन के दौरान ईशान किशन मोस्ट अवेटेड प्लेयर्स में से रहे जिनके नाम का सभी को इंतजार था। जब ईशान किशन 2 करोड़ के बेस प्राइस पर उतरे तो मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बिड वॉर शुरू हो गई है। 7.75 करोड़ के बाद गुजरात टाइटंस ने भी रेस में कदम रखा। हालांकि मुंबई इंडियंस की टीम ईशान किशन को वापस लाने के लिये पूरी तरह से प्रतिबद्ध नजर आयी और इसी को देखते हुए आकाश अंबानी ने पूरा जोर लगाते हुए अपनी टीम के इतिहास की सबसे बड़ी बोली लगा दी। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने भी इस रेस में कदम रखा लेकिन अंत में मुंबई इंडियंस की टीम ने 15.25 करोड़ में उन्हें खरीद लिया। ईशान किशन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विकेटकीपर बल्लेबाज बने, तो इस मौके पर आकाश अंबानी की खुशी देखने लायक थी।
शार्दुल ठाकुर को लेकर दिल्ली बनी दमदार
ऑक्शन के दौरान जब शार्दुल ठाकुर के लिये बोली लगना शुरू हुई तो फैन्स को एक और मजेदार लम्हा देखने को मिला। शार्दुल के लिये पहली बोली पंजाब किंग्स ने लगाई, जिसके बाद गुजरात टाइटंस ने भी बिड वॉर में कदम रखा। दिल्ली कैपिटल्स ने भी इसमें हिस्सा लिया और दाम को 4 करोड़ के पार पहुंचा दिया। दिल्ली, गुजरात और पंजाब के बीच इस खिलाड़ी के लिये जंग चल ही रही थी कि सीएसके की टीम ने भी कदम रखा। पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीम जबरदस्त बिड वॉर देखने को मिली, लेकिन दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने बाजी मारी और 10.75 करोड़ में खरीद लिया। नीलामी में जीत हासिल करने के बाद दिल्ली की टीम जबरदस्त अंदाज में खुशी मनाती नजर आयी।












Click it and Unblock the Notifications