40 लाख रुपए बेस प्राइस वाले राहुल त्रिपाठी की चांदी कटी, मोटी रकम में SRH ने खरीदा
बेंगलुरु, 12 फरवरी: आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी में अनकैप्ड खिलाड़ियों की भी चांदी कटती है और इस बार राहुल त्रिपाठी भी एक ऐसे ही खिलाड़ी है। राहुल त्रिपाठी पिछले सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए कुछ अच्छी पारियां खेल चुके हैं और इस बार वे 40 लाख रुपए के बेस प्राइस के साथ नीलामी में उतरे थे जहां उनको सनराइजर्स हैदराबाद ने 8.50 करोड़ रुपए की जबरदस्त रकम में खरीद लिया है।

राहुल त्रिपाठी भले ही एक अनकैप्ड खिलाड़ी हैं लेकिन उनकी उम्र 30 साल है और वह आईपीएल में 62 मुकाबले खेलने का अनुभव रखते हैं। त्रिपाठी ने आईपीएल में खेले गए इन मुकाबलों में 60 पारियों में 26.13 की औसत के साथ 1385 रन बनाए हैं और इसमें उन्होंने सात अर्धशतक लगाते हुए 136.32 के स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी की है
वहीं एक और युवा खिलाड़ी रियान पराग 3.8 करोड रुपए में राजस्थान रॉयल्स के हो गए हैं। वह इससे पहले भी राजस्थान रॉयल्स टीम के साथ ही खेलते थे।
रियान पराग को हालांकि अपनी बैटिंग पर काफी मेहनत करने की जरूरत होगी क्योंकि 20 साल का यह युवा खिलाड़ी आईपीएल में खेले गए 30 मुकाबलों में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहा है। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में अभी तक खेली गई 23 पारियों में केवल एक ही अर्धशतक लगाया है और 16.95 के साधारण औसत से 339 रन ही बनाए हैं। राजस्थान रॉयल्स ने पहले भी उन पर भरोसा दिखाया था और अब एक बार फिर से अपने खेमे में शामिल करके बता दिया है कि वह कहीं ना कहीं इस युवा खिलाड़ी को तलाशना चाहते हैं और अपने कोर ग्रुप का हिस्सा बनाना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications