IPL Auction 2024: 20 लाख के शुभम दुबे को मिले 5.8 करोड़, राजस्थान ने लगाई सबसे बड़ी बोली
IPL Auction 2024: आईपीएल नीलामी में कैप्ड खिलाड़ियों के ऊपर बड़ी बोली लगने के बाद अनकैप्ड खिलाड़ियों का नम्बर आया और वहां राजस्थान रॉयल्स ऑल आउट गई। शुभम दुबे के लिए राजस्थान रॉयल्स ने एक बड़ी बोली लगाई और उनको टीम में शामिल भी कर लिया।
शुभम दुबे तूफानी बल्लेबाजी करने के लिए जाने जाते हैं। इस वजह से उनके पीछे जाने का फैसला लिया गया। दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स के रास्ते में रोड़े अटकाने का काम भरपूर किया लेकिन राजस्थान रॉयल्स ने अपनी बिड जारी रखी।

शुभम दुबे की बेस प्राइस 20 लाख रुपये है। उनके लिए इतनी बड़ी बोली लगने के बारे में शायद ही किसी ने सोचा होगा लेकिन यही देखने को मिला। 20 लाख बेस प्राइस का खिलाड़ी 5 करोड़ 80 लाख रुपये में बिका। अनकैप्ड खिलाड़ियों में शायद वह सबसे महंगे खिलाड़ी होते लेकिन समीर रिजवी उनसे भी जायदा दामों में बिक गए।
राजस्थान रॉयल्स के पर्स में काफी कम पैसे होने के बाद भी उन्होंने बिड वॉर जारी रखी। दिल्ली कैपिटल्स के निशाने पर भी दुबे थे लेकिन अंत में राजस्थान रॉयल्स ने ही उनको खरीद लिया। दुबे घरेलू क्रिकेट में विदर्भ के लिए खेलते हैं। टी20 क्रिकेट में उन्होंने अब तक 20 मुकाबले खेलकर 485 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 145 का रहा है और यही अहम है, जिसके कारण उनको इतनी बड़ी राशि मिली।
राजस्थान रॉयल्स को घरेलू क्रिकेट का कोई ऐसा ही खिलाड़ी चाहिए था, जिसे टीम में शामिल करते हुए बैटिंग को मजबूती प्रदान की जाए। यही कारण रहा कि राजस्थान रॉयल्स ने बिड वॉर में अंत तक लड़ाई जारी रखी।












Click it and Unblock the Notifications