IPL Auction के बाद ट्विटर पर ट्रेंड हुआ बॉयकॉट चेन्नईसुपरकिंग्स, रैना नहीं यह खिलाड़ी बना कारण
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के लिये बेंगलुरू में आयोजित की दो दिवसीय मेगा नीलामी समाप्त हो गई है, जिसके बाद अब फैन्स को पता चल गया है कि आईपीएल 2022 में उनकी पसंदीदा टीम के साथ कौन-कौन से खिलाड़ी खेलते नजर आयेंगे। इस मेगा ऑक्शन के दौरान खिलाड़ियों पर बोली लगाने के लिये 10 टीमें उतरी थी, जिनके सामने 600 प्लेयर्स की लिस्ट थी। टीमें सिर्फ 217 खिलाड़ियों का ही चयन कर सकती थी, हालांकि नीलामी के दौरान पैसों की कमी के चलते सिर्फ 213 खिलाड़ी ही चुने जा सके। आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन में सिर्फ 4 ही टीमों ने अपने 25 खिलाड़ी पूरे किये।

इन 4 टीमों में एक नाम चेन्नई सुपर किंग्स का भी है जिसने अपने 25 खिलाड़ियों को खरीदने के बाद भी करीब 3 करोड़ रुपये पर्स में बचा लिये थे। 4 बार की खिताबी चैम्पियन सीएसके की टीम ने नीलामी में भी अपने पुराने खिलाड़ियों की तरफ ही रुख किया और पुराने 5 प्लेयर्स को भी जोड़ने में भी कामयाब रही, हालांकि फैन्स के हाथ उस वक्त निराशा लगी जब टीम ने सुरेश रैना के पीछे नहीं जाने का फैसला किया और उनके लिये ओपनिंग बिड तक नहीं लगाई।

रैना नहीं महीष की वजह से हो रहा है बॉयकॉट का ट्रेंड
फैन्स के बीच सुरेश रैना को सीएसके में वापस नहीं खरीदे जाने पर काफी निराशा छायी हुई है, क्योंकि सुरेश रैना को किसी भी टीम ने नहीं खरीदा है। इस बीच सोमवार की शाम को अचानक ही सोशल ब्लॉग प्लेटफॉर्म ट्विटर पर बॉयकॉट चेन्नई सुपरकिंग्स ट्रेंड करने लगा। इसे देखने पर किसी को भी लग सकता है कि फैन्स यह ट्रेंड अपने प्यारे चिन्ना थाला को नहीं खरीदने की वजह से कर रहे हैं, हालांकि सच्चाई यह नहीं है। दरअसल नीलामी के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स ने श्रीलंका के महीष तीक्ष्णा को अपने खेमे के साथ जोड़ा है, जिससे नाराज होकर फैन टीम से उस खिलाड़ी को निकालने की मांग कर रहे हैं, साथ ही यह भी कह रहे हैं कि अगर टीम ऐसा करने से इंकार करती है तो वो अपनी फ्रैंचाइजी के नाम से चेन्नई हटा दे।

आखिर क्या है पूरा मामला
उल्लेखनीय है कि चेन्नई सुपर किंग्स ने श्रीलंका के तेज गेंदबाज महीष तीक्ष्णा को 70 लाख की रकम देकर अपने खेमे में शामिल किया है, जो कि सिंहला समुदाय से आते हैं। श्रीलंका में तमिल भाषी और सिंहली भाषी लोगोंं के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिसको लेकर वहां पर गृहयुद्ध भी हो चुका है, हालांकि तमिलों के प्रति सिंहली समुदाय से हुई हिंसात्मक घटनाओं का आक्रोश भारतीय तमिलों में भी देखने को मिलता है, जिसकी वजह से यह विरोध किया जा रहा है। फैन्स की मांग है कि वो श्रीलंका के सिहंली भाषा बोलने वाले प्लेयर्स को चेन्नई सुपर किंग्स में नहीं देखना चाहते हैं। फैन्स ने इस दौरान स्वर्गीय पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के फैसले को याद किया जिन्होंने सीएसके में श्रीलंकाई खिलाड़ियों के खेलने पर रोक लगाई थी और इसे डीएमके सरकार की भूल बताया।

पैसे होने के बावजूद नहीं खरीदे गये सुरेश रैना
गौरतलब है कि इस बीच कुछ फैन्स सुरेश रैना को नहीं खरीदे जाने पर भी दुख जता रहे हैं। उनका मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अपने आखिरी प्लेयर के रूप में सुरेश रैना को खरीद सकती थी क्योंकि उसके पास पैसे भी थी। हालांकि सीएसके ने रैना को खरीदने के बजाय युवा प्लेयर्स को लेने पर ध्यान लगाया। आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर रैना का पुराना वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें वो यह कहते नजर आ रहे हैं कि अगर धोनी भाई ने संन्यास ले लिया तो वो भी संन्यास ले लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications