वो लौटकर आ रहा है? रोहित शर्मा को लेकर बड़ी खबर, मुंबई इंडियंस से हार्दिक पांड्या की छुट्टी!
आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। पांच बार की चैंपियन टीम एक बार फिर अपने पुराने कप्तान रोहित शर्मा को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंप सकती है। खबरों के मुताबिक 39 वर्षीय रोहित की कप्तानी में वापसी की प्रबल संभावना है।
इतना ही नहीं, भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को उनका डिप्टी बनाया जा सकता है। वहीं मौजूदा कप्तान हार्दिक पांड्या के टीम से अलग होने की भी चर्चा है। रोहित को लीडर बनाने की खबर से ही समझा जा सकता है कि हार्दिक पांड्या की छुट्टी होगी।

रोहित शर्मा को मिल सकता है आखिरी बार कप्तानी का मौका
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार मुंबई इंडियंस में रोहित शर्मा को एक बार फिर कप्तानी सौंपने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। रोहित की अगुवाई में मुंबई ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता था। उनकी कप्तानी में फ्रेंचाइजी ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में ट्रॉफी अपने नाम की थी।
हालांकि 2024 में हार्दिक पांड्या को कप्तानी सौंपे जाने के बाद रोहित टीम में बतौर खिलाड़ी खेल रहे हैं। पिछले दो सीजन में उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में भी इस्तेमाल किया गया। अगर वह दोबारा कप्तान बनते हैं तो इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उनका खेलना संभव नहीं होगा।
हार्दिक पांड्या की होगी मुंबई से विदाई?
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे चौंकाने वाली बात हार्दिक पांड्या को लेकर सामने आई है। हार्दिक को दूसरी फ्रेंचाइजी में ट्रेड किया जा सकता है। मुंबई इंडियंस इस संबंध में तीन टीमों के साथ बातचीत कर रही है। अभी तक किसी फ्रेंचाइजी के नाम का खुलासा नहीं हुआ है। इस ट्रेड को लेकर जल्द आधिकारिक घोषणा होने की संभावना जताई गई है।
हार्दिक ने 2024 में रोहित की जगह मुंबई की कप्तानी संभाली थी। ऐसे में उनके संभावित ट्रेड और रोहित की वापसी की खबर ने आईपीएल 2027 से पहले फ्रेंचाइजी की रणनीति को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
कोचिंग स्टाफ में भी मुंबई ने किए बड़े बदलाव
मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को अपने कोचिंग स्टाफ में भी कई अहम नियुक्तियां कीं। नए मुख्य कोच कीरोन पोलार्ड के नेतृत्व में पूर्व भारतीय बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा को बल्लेबाजी कोच बनाया गया है। वहीं भारत के पूर्व फील्डिंग कोच टी दिलीप टीम के फील्डिंग विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल मैक्लेनाघन को गेंदबाजी कोच और धवल कुलकर्णी को विकास गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया है।


Click it and Unblock the Notifications
