IPL 2026: वर्ल्ड नंबर-1 गेंदबाज बने मोहम्मद शमी! मलिंगा और बोल्ट जैसे दिग्गजों को पछाड़ रचा इतिहास
IPL 2026 LSG vs DC Mohammed Shami: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए अपने डेब्यू मैच में ही इतिहास रच दिया है। बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इकाना स्टेडियम में शमी ने पारी की पहली ही गेंद (0.1 ओवर) पर केएल राहुल को आउट कर वह मुकाम हासिल कर लिया, जो अब तक दुनिया का कोई गेंदबाज नहीं कर सका।
लखनऊ के लिए पहले ही मैच में रचा इतिहास (IPL 2026 LSG vs DC Mohammed Shami)
मोहम्मद शमी आईपीएल इतिहास के पहले गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने मैच की पहली ही गेंद पर 5 बार विकेट लेने का कारनामा किया है। शमी के बाद इस लिस्ट में लसिथ मलिंगा, ट्रेंट बोल्ट और भुवनेश्वर कुमार जैसे दिग्गज हैं, लेकिन इनमें से कोई भी 2 बार से ज्यादा यह उपलब्धि हासिल नहीं कर पाया है। शमी के नाम अब किसी भी स्पैल की पहली गेंद पर कुल 5 विकेट लेने का भी रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। इस मामले में भी अशोक डिंडा और भुवनेश्वर कुमार (3-3 बार) उनसे पीछे हैं।

केएल राहुल के खिलाफ दूसरी बार किया ये करिश्मा
दिलचस्प बात यह है कि शमी ने केएल राहुल को दूसरी बार पारी की पहली गेंद पर आउट किया है। इससे पहले साल 2022 में गुजरात टाइटंस (GT) के लिए डेब्यू करते हुए भी शमी ने लखनऊ के खिलाफ राहुल को पहली ही गेंद पर आउट किया था। अब लखनऊ के लिए खेलते हुए उन्होंने दिल्ली के राहुल के साथ वही किया। आईपीएल इतिहास में एक ही बल्लेबाज को दो बार पहली गेंद पर आउट करने वाले शमी दूसरे गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले लसिथ मलिंगा ने मयंक अग्रवाल को दो बार (2011 और 2015) पहली गेंद पर पवेलियन भेजा था।
शमी को मिले हैं 10 करोड़
पिछले सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए शमी का प्रदर्शन औसत रहा था। जिसके बाद उन्हें 10 करोड़ रुपये की उसी कीमत पर लखनऊ सुपर जायंट्स में ट्रेड किया गया। शमी की घातक गेंदबाजी की बदौलत लखनऊ ने पावरप्ले में ही दिल्ली के 4 विकेट महज 25 रन पर गिरा दिए थे। हालांकि, टीम यह मैच हार गई, लेकिन शमी ने अपनी फिटनेस और फॉर्म से आलोचकों को करारा जवाब दिया है।












Click it and Unblock the Notifications