IPL 2026 से पहले अजिंक्य रहाणे ने छोड़ी KKR की कप्तानी? इस्तीफे की वायरल पोस्ट से मचा हड़कंप, आखिर क्या है सच
IPL 2026 KKR Ajinkya Rahane: आईपीएल के 19वें सीजन (IPL 2026) का रोमांच शुरू होने में अब बस कुछ ही दिन बचे हैं। सभी 10 टीमें मैदान पर खिताब की जंग के लिए तैयार हैं। लेकिन इस बीच सोशल मीडिया पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के टीम से जुड़ी एक बड़ी खबर ने फैंस को असमंजस में डाल दिया। दावा किया जा रहा है कि कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक दो हफ्ते पहले कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया है।
क्या रहाणे ने छोड़ दी है केकेआर की कप्तानी? (IPL 2026 KKR Ajinkya Rahane)
एक्स पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें रहाणे के नाम से एक कथित बयान जारी किया गया। इस पोस्ट में रहाणे के हवाले से लिखा गया कि कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी करना सम्मान की बात रही। अब नया घरेलू सीजन आ रहा है और मुझे लगता है कि नए लीडर को तैयार करने का यही सही वक्त है। इस पोस्ट पर 12 मार्च 2026 की तारीख भी अंकित थी, जिससे यह बिल्कुल ताजा और असली मालूम पड़ रहा था।

आखिर क्या है इस पोस्ट की सच्चाई
हमने इस वायरल दावे की गंभीरता से जांच की। निष्कर्ष यह है कि रहाणे के कप्तानी छोड़ने की खबर पूरी तरह फेक और आधारहीन है। अजिंक्य रहाणे के आधिकारिक इंस्टाग्राम या एक्स हैंडल पर ऐसा कोई पोस्ट मौजूद नहीं है। केकेआर मैनेजमेंट ने भी ऐसी किसी खबर की पुष्टि नहीं की है। दरअसल, यह फेक पोस्ट रहाणे के उस पुराने बयान को एडिट करके बनाया गया है, जो उन्होंने पिछले साल 'मुंबई' की घरेलू टीम की कप्तानी छोड़ते वक्त दिया था।
रहाणे ही करेंगे केकेआर की कप्तानी
साल 2024 में टीम को चैंपियन बनाने वाले श्रेयस अय्यर के पंजाब किंग्स में जाने के बाद रहाणे को कप्तानी सौंपी गई थी। हालांकि पिछला सीजन टीम के लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और वे प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सके, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने इस सीजन के लिए भी रहाणे के अनुभव पर भरोसा जताया है। अजिंक्य रहाणे ही आईपीएल 2026 में केकेआर की कमान संभालेंगे। टीम अपना पहला मैच 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगी।












Click it and Unblock the Notifications