IPL 2026 के बीच छलका केएल राहुल का दर्द, कहा- 'मुझ पर टेस्ट खिलाड़ी का ठप्पा था, मैंने खुद को साबित किया'
IPL 2026 KL Rahul: आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल का बल्ला आग उगल रहा है। सीजन के 9 मैचों में 185.83 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 433 रन बना चुके राहुल फिलहाल ऑरेंज कैप की रेस में दूसरे नंबर पर हैं। लेकिन रनों के इस पहाड़ से ज्यादा चर्चा राहुल के उस बयान की हो रही है, जिसमें उन्होंने अपने करियर के सबसे बड़े संघर्ष और इमेज के बारे में बात की है।
टेस्ट प्लेयर होने का लगा था ठप्पा (IPL 2026 KL Rahul)
जियोस्टार के सुपरस्टार्स सेगमेंट में बात करते हुए राहुल ने कहा कि 10 साल पहले मैं टी20 टीम का हिस्सा बनने के लिए कुछ भी कर सकता था। उस वक्त मुझे टी20 तो क्या, एक अच्छा व्हाइट-बॉल प्लेयर भी नहीं माना जाता था। मुझ पर टेस्ट प्लेयर होने का ठप्पा लगा दिया गया था। उस छवि को तोड़ना, अपने खेल को विकसित करना और आज इस मुकाम तक पहुंचना मेरे लिए गर्व की बात है। राहुल ने स्वीकार किया कि इस सफर में उनसे कई गलतियां हुईं, लेकिन उन्होंने हर बार अपनी तैयारी और खेल में सुधार किया।

केएल राहुल ने पंजाब के खिलाफ बनाए 150 से अधिक रन
साल 2020 में केएल राहुल का एक बयान स्ट्राइक रेट ओवररेटेड है सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिसके लिए उनकी आलोचना भी हुई। लेकिन 6 साल बाद राहुल ने अपनी गलती सुधार ली है। इस सीजन में उन्होंने न केवल तेजी से रन बनाए, बल्कि पंजाब के खिलाफ एक मैच में 150 से ज्यादा रन बनाकर इतिहास रच दिया। वे आईपीएल की एक पारी में 150 का आंकड़ा छूने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बने हैं।
दिल्ली को लेकर राहुल ने खोला बड़ा राज
राहुल ने बताया कि इस सीजन से पहले टीम मैनेजमेंट (दिल्ली कैपिटल्स) के साथ उनकी लंबी चर्चा हुई थी। उन्होंने कहा कि पिछले 2-3 साल में टी20 क्रिकेट काफी बदल गया है। अब मैच 14वें से 20वें ओवर के बीच नहीं, बल्कि पावरप्ले में ही तय हो रहे हैं। मैनेजमेंट ने मुझे स्पष्ट कहा था कि हमें पहले 6 ओवरों में 10 रन प्रति ओवर से ज्यादा की औसत से रन चाहिए। इस स्पष्टता ने मुझे अपनी बल्लेबाजी शैली में बदलाव करने का समय दिया।
चेन्नई के खिलाफ आज कड़ी परीक्षा
राजस्थान के खिलाफ पिछले मैच में 75 रनों की पारी खेलने वाले राहुल आज चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैदान में उतरेंगे। दिल्ली को प्लेऑफ की रेस में बनाए रखने के लिए राहुल का फॉर्म में रहना जरूरी है। राहुल का कहना है कि उनके पास अभी कुछ समय बचा है और वे अपनी टीम के लिए अधिक से अधिक ट्रॉफियां जीतना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications