25 करोड़ मिलने के अगले दिन ही रुठी कैमरन ग्रीन की किस्मत, दिखाया शर्मनाक प्रदर्शन, KKR ने किया घाटे का सौदा?
Cameron Green: क्रिकेट की दुनिया में वक्त बदलते देर नहीं लगती और ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन इसका सबसे ताज़ा उदाहरण हैं। मंगलवार को आईपीएल 2026 की मिनी-नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) द्वारा 25.2 करोड़ की ऐतिहासिक बोली के साथ रातों-रात 'करोड़पति' बनने वाले ग्रीन, बुधवार को मैदान पर बुरी तरह नाकाम रहे।
IPL नीलामी की चमक अभी फीकी भी नहीं पड़ी थी कि कैमरन ग्रीन को मैदान पर कड़वे सच का सामना करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच जारी तीसरे एशेज टेस्ट के दौरान, ग्रीन से उम्मीद थी कि वह अपनी नई आईपीएल सफलता का जश्न एक बड़ी पारी के साथ मनाएंगे।

इसके विपरीत वह क्रीज पर टिकने में पूरी तरह विफल रहे। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की एक सटीक इन-स्विंगर ने ग्रीन को बिना खाता खोले ही पवेलियन वापस भेज दिया। वह अपनी दूसरी ही गेंद पर 'सिल्वर डक' का शिकार हुए।
Cameron Green बन सकते हैं चिंता का विषय
सोशल मीडिया पर इस प्रदर्शन को लेकर बहस छिड़ गई है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि कभी-कभी भारी-भरकम 'प्राइस टैग' खिलाड़ी पर मानसिक दबाव बना देता है। केकेआर ने ग्रीन को न केवल एक ऑलराउंडर के रूप में देखा है, बल्कि उन्हें टीम के 'एक्स-फैक्टर' के रूप में 25.2 करोड़ के भारी इन्वेस्टमेंट के साथ जोड़ा है। ऐसे में नीलामी के तुरंत बाद शून्य पर आउट होना प्रशंसकों और टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय हो सकता है।
Cameron Green सिर्फ बल्लेबाज के रूप में आए
हालांकि यह एक टेस्ट मैच की पारी है और आईपीएल टी-20 फॉर्मेट है, लेकिन केकेआर उम्मीद करेगी कि ग्रीन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले अपनी लय वापस पा लें। आईपीएल की शुरुआत मार्च में होनी है, तब तक ग्रीन शायद लय पकड़ने में सफल रहेंगे। इस बार नीलामी में ग्रीन ने ऑल राउंडर के रूप में रजिस्ट्रेशन नहीं कराते हुए सिर्फ एक बल्लेबाज के रूप में खुद को शामिल किया था और बड़ी रकम लेकर उड़ गए।
एशेज सीरीज के तीसरे टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 8 विकेट पर 326 रनों का स्कोर खड़ा किया है। एलेक्स कैरी के बल्ले से 106 रनों की पारी आई। इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर ने सर्वाधिक 3 विकेट अपने नाम किये।












Click it and Unblock the Notifications