IPL 2025: प्लेऑफ़ में सबसे ज्यादा बार पहुंचने वाली टॉप 4 टीमें, क्या इस बार ये सभी फ्रेंचाइजी हो गईं बाहर?
IPL 2025: आईपीएल के प्लेऑफ़ में तीन टीमों को एक ही दिन में एंट्री मिल गई। यह गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए मुकाबले से संभव हो पाया। जैसे ही गुजरात ने दिल्ली को रिकॉर्ड अंतर से पराजित किया, तो प्लेऑफ़ में जगह बना ली। आरसीबी और पंजाब किंग्स भी गुजरात के साथ अगले चरण में चली गईं।
आईपीएल में कई टीमें ऐसी रही हैं, जो नियमित अंतराल पर प्लेऑफ़ तक का सफर तय करती रही हैं और टाइटल भी अपने नाम किया है। कुछ टीमों को प्लेऑफ़ से पहले ही अपना सफर समाप्त करते हुए कई बार देखा गया है। यहाँ सबसे ज्यादा बार प्लेऑफ़ में जाने वाली चार टीमों का जिक्र किया गया है। यह भी बताया है कि इस बार इनमें से किन टीमों का सफर पहले ही समाप्त हो गया।

चेन्नई सुपर किंग्स: लिस्ट में पहला नाम महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स का नाम आता है। हालांकि इस बार चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ़ से बाहर हो गई है लेकिन सबसे ज्यादा बार टॉप चार में यही टीम गई है। धोनी की टीम ने 12 बार आईपीएल के प्लेऑफ़ में जगह बनाई है। पांच बार टाइटल भी अपने नाम किया है।
आरसीबी: यह एक ऐसी टीम है, जो हर साल टाइटल जीतने के इरादे से आती है लेकिन सफलता नहीं मिलती। अब तक एक भी ख़िताब हासिल नहीं करने वाली आरसीबी ने इस सीजन प्लेऑफ़ में जगह बनाई है। आरसीबी ने आईपीएल में 10 बार प्लेऑफ़ तक का सफर तय किया है।
मुंबई इंडियंस: पांच बार टाइटल जीतने वाली मुंबई इंडियंस इस सीजन अभी तक प्लेऑफ़ में नहीं पहुंची है लेकिन दौड़ में बनी हुई है। अब तक मुंबई इंडियंस ने 10 बार प्लेऑफ़ तक का सफर तय किया है। इस बार अगर प्लेऑफ़ में जगह मिलती है, तो यह 11वां मौका होगा।
केकेआर: पिछले सीजन श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टाइटल जीतने वाली केकेआर इस सीजन प्लेऑफ़ से पहले ही बाहर हो गई। टीम अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में खेल रही थी। केकेआर ने आठ बार प्लेऑफ़ में जगह बनाई है। मजे की बात तो यह है कि केकेआर ने तीन बार टाइटल अपने नाम किया है।












Click it and Unblock the Notifications