DC vs MI: बारिश के कारण अगर मैच रद्द हुआ तो कौन होगा बाहर, किसे मिलेगा प्लेऑफ का टिकट?
IPL 2025 का प्लेऑफ समीकरण बेहद रोमांचक मोड़ पर है। दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) और मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के बीच होने वाला बुधवार का मुकाबला दोनों टीमों के लिए 'करो या मरो' जैसा है।
इस बीच मुंबई में मौसम की भविष्यवाणी ने पूरे समीकरण को पेचीदा बना दिया है। अगर ये मैच बारिश की भेंट चढ़ता है, तो इसका सबसे बड़ा झटका दिल्ली को लग सकता है।

दिल्ली के लिए क्या है प्लेऑफ की स्थिति?
अक्षर पटेल (Axar Patel) की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस वक्त पॉइंट्स टेबल में 13 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। उन्हें प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए बाकी दोनों मैच जीतने ही होंगे। अगर वे मुंबई के खिलाफ मैच नहीं जीत पाते (या मैच रद्द होता है), तो उनकी राह बेहद मुश्किल हो जाएगी।
मुंबई की स्थिति थोड़ी मज़बूत
मुंबई इंडियंस फिलहाल दिल्ली से एक अंक आगे यानी 14 अंकों के साथ चौथे पायदान पर है। अगर DC vs MI का मैच बारिश के कारण रद्द होता है, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा। ऐसे में मुंबई के 15 और दिल्ली के 14 अंक हो जाएंगे।
अगर मैच रद्द हुआ तो किसे होगा नुकसान?
दरअसल, अगर मैच रद्द हो जाता है तो सबसे ज्यादा नुकसान दिल्ली को होगा। मुंबई के पास पंजाब किंग्स के खिलाफ अपना आखिरी मैच जीतने का एक और मौका होगा, जिससे वे 17 अंक लेकर सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएंगे। वहीं, दिल्ली चाहे अपना आखिरी मुकाबला पंजाब से जीत भी ले, तो भी उनके सिर्फ 16 अंक होंगे। अगर मुंबई मैच जीत गई तो दिल्ली प्लेऑफ से बाहर हो जाएगी। इसलिए, इस रद्द हुए मैच से दिल्ली की प्लेऑफ की उम्मीदें कमजोर हो जाएंगी और मुंबई को फायदा होगा।
दिल्ली कैसे कर सकती है क्वालिफाई?
अगर DC vs MI मैच रद्द हो जाए तो दिल्ली को अपने आखिरी मैच में जीत के साथ-साथ ये भी दुआ करनी होगी कि मुंबई को पंजाब से हार मिले। यानि दिल्ली के पास अब अपने हाथ से ज्यादा किस्मत के भरोसे का रास्ता बचा है।
मुंबई में मौसम का क्या है हाल?
मुंबई में अगले चार दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। एक्यूवेदर (AccuWeather) के अनुसार बुधवार को 80% बारिश की संभावना है और करीब 1.5 घंटे बारिश हो सकती है। हालांकि रात तक यह संभावना घटकर 25% रह जाती है, लेकिन मौसम का मिजाज इतना बदल रहा है कि पक्के तौर पर कुछ कहा नहीं जा सकता।
IPL 2025 का ये मुकाबला सिर्फ दो टीमों की टक्कर नहीं, बल्कि प्लेऑफ की उम्मीदों की आखिरी डोर है। अगर बारिश आई और मैच नहीं हुआ, तो मुंबई को राहत और दिल्ली को चिंता मिल सकती है। अब देखना है कि बुधवार को मैदान पर खिलाड़ी चमकेंगे या बादल छा जाएंगे!












Click it and Unblock the Notifications