IPL 2025 फाइनल में लहराएगा तिरंगा, गूंजेगा 'जय हिंद'! BCCI ने भेजा तीनों सेना प्रमुखों को न्योता
इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के समापन समारोह (Closing Ceremony) को इस बार देश की सशस्त्र सेनाओं को समर्पित किया जाएगा। बीसीसीआई (BCCI) ने ऐलान किया है कि 3 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले फाइनल मुकाबले से पहले आयोजित होने वाला क्लोजिंग सेरेमनी भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम का उत्सव (celebration) होगी।
BCCI ने इस विशेष मौके पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, आर्मी चीफ, नेवी चीफ और एयरफोर्स चीफ को इनवाइट किया है। समारोह में सैन्य बैंड की प्रस्तुति होगी, जिसके बाद एक भव्य म्यूजिकल परफॉर्मेंस भी आयोजित की जाएगी। यह आयोजन न केवल खेलप्रेमियों को रोमांचित करेगा, बल्कि देशभक्ति की भावना से भी भर देगा।

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को सलाम
BCCI सचिव देवजित सैकिया ने बताया कि, 'बोर्ड हमारी सशस्त्र सेनाओं की वीरता, साहस और निःस्वार्थ सेवा को सलाम करता है। 'ऑपरेशन सिंदूर' में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है। इसीलिए समापन समारोह को उनके सम्मान में समर्पित करने का फैसला लिया गया है।'
बता दें कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 नागरिकों की जान गई थी। इसके बाद भारतीय सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत सीमा पार आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की थी। यह जवाबी कार्रवाई बेहद सफल रही है।
IPL शेड्यूल में हुआ था बदलाव
घटनाक्रम के चलते IPL को एक हफ्ते के लिए पोस्टपोन करना पड़ा था। पहले फाइनल 26 मई को कोलकाता में होना था, लेकिन अब इसे 3 जून को अहमदाबाद में आयोजित किया जाएगा।
BCCI ने दिया संदेश - देश सर्वोपरि
BCCI सचिव ने आगे कहा, 'क्रिकेट भले ही हमारा राष्ट्रीय जुनून है, लेकिन देश की संप्रभुता, एकता और सुरक्षा से बढ़कर कुछ नहीं है। यह आयोजन सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय भाव है, जो हर भारतीय के दिल से जुड़ा है।'












Click it and Unblock the Notifications