IPL 2025: आईपीएल इतिहास के 4 सबसे रोमांचक मुकाबले, मुंबई इंडियंस-चेन्नई सुपर किंग्स का दबदबा
IPL 2025, IPL Stats: आईपीएल 2025 का समय नजदीक है और टीमों की तैयारी भी लगभग पूरी नजर आ रही है। आरसीबी और केकेआर के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा। पहला ही मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद फैन्स कर रहे हैं लेकिन इस इवेंट के इतिहास में कई धमाकेदार मैच हुए हैं।
मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स टूर्नामेंट की सबसे सफल टीमें हैं और इन टीमों ने कई बार अपने कौशल से गेम को पलटने का काम किया है। कुछ मुकाबले बेहद रोमांचित करने वाले रहे हैं, जिनको फैन्स कभी भूल नहीं सकते। उनके बारे में आपको जानना चाहिए।

आईपीएल 2019 फाइनल
मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच इस फाइनल को कौन भूल सकता है। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 8 विकेट पर 149 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद जवाबी पारी में खेलते हुए चेन्नई ने लगभग मैच अपने नाम कर लिया था। अंतिम ओवर में मलिंगा ने वॉटसन को 80 के स्कोर पर आउट कर दिया और अंतिम गेंद पर चेन्नई को 2 रन की दरकार थी। शार्दुल ठाकुर को मलिंगा ने बेहद धीमी गेंद फेंककर पगबाधा आउट कर दिया। मुंबई ने 1 रन से मैच जीत लिया। आईपीएल इतिहास का यह सबसे धांसू मैच है।
मुंबई इंडियंस vs राजस्थान रॉयल्स, 2014
साल 2014 के आईपीएल में 56वां मैच मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया था। यह वही मुकाबला है जिसमें कोरी एंडरसन नामक तूफ़ान आया था और अकेले मैच जिताकर ले गया था। राजस्थान ने पहले खेलते हुए संजू सैमसन के 74 रनों की बदौलत 4 विकेट पर 189 रन बनाए। जवाब में खेलते हुए मुंबई ने यह मैच 15वें ओवर में ही समाप्त कर दिया। कोरी एंडरसन ने 6 छक्के और 9 चौकों से 44 गेंदों में नाबाद 95 रन बनाए और रातोंरात हीरो बन गए। फैन्स को वह पारी अब भी याद है।
आईपीएल 2017 फाइनल
यह एक और मुकाबला है, जिसमें मुंबई इंडियंस ने एक रन से अंतिम ओवर में जीत दर्ज कर ली। राइजिंग पुणे सुपरजायंट के खिलाफ पहले बैटिंग करते हुए मुंबई ने इस फाइनल मुकाबले में 8 विकेट पर 129 रन बनाए थे। इसके बाद जवाब में खेलते हुए पुणे की टीम लक्ष्य तक पहुँच गई थी और स्टीव स्मिथ फिफ्टी जड़ने में सफल रहे। अंतिम ओवर में 11 रनों की दरकार थी। मिचेल जॉनसन ने मनोज तिवारी और स्मिथ को आउट कर दिया और मुंबई इंडियंस ने एक रन से जीत दर्ज कर टाइटल हासिल कर लिया।
आईपीएल 2023 फाइनल
यह फाइनल मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया था और बारिश से प्रभावित रहा था। पहले खेलते हुए गुजरात ने 4 विकेट पर 214 रन बनाए। साई सुदर्शन ने 96 रनों की पारी खेली। बाद में बारिश के कारण गेम प्रभावित हुआ और 15 ओवर में चेन्नई को 171 का लक्ष्य मिला। चेन्नई सुपर किंग्स ने अंतिम ओवर की आखिरी गेंद पर चौके से जीत दर्ज की थी और जडेजा ने चौका जड़ा था। उस चौके को आज भी लोग याद रखते हैं। खास बात यह है कि जडेजा ने पहले छक्का जड़ा और अंतिम गेंद पर चौका जड़कर चेन्नई को चैम्पियन बना दिया था। धोनी की कप्तानी में यह पांचवां टाइटल था।












Click it and Unblock the Notifications