Suryakumar Yadav ने आते ही कर दी चौके-छक्कों की बरसात, क्या अब Mumbai Indians को मिलेगी जीत?
IPL 2024 Suryakumar Yadav: दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच 7 अप्रैल यानी कि रविवार को वानखेड़े में एक रोमांचक मुकाबला होना है। दिल्ली और मुंबई दोनों के लिए ही आईपीएल का यह सीजन अब तक कुछ खास नहीं गुजरा है। दिल्ली कैपिटल्स को चार मुकाबले में से तीन में हार का सामना करना पड़ा था। वहीं मुंबई इंडियंस की टीम भी लगातार तीन मुकाबले को गंवाकर चौथा मैच खेलने मैदान में उतरेगी।
सूर्यकुमार यादव की वापसी
हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम अब तक फ्लॉप रही है। लेकिन रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई की टीम अपनी पहली जीत हासिल कर सकती है। मुंबई में दुनिया के नंबर वन टी-20 बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव की वापसी हो गई है। सूर्यकुमार यादव ने वापस आते ही नेट पर चौके-छक्कों की बारिश कर दी है।

दिल्ली के खिलाफ खेलेंगे मैच?
अपने होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस की कोशिश दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत दर्ज करने की होगी। मुंबई इंडियंस के लिए अच्छी खबर यह है कि सूर्यकुमार यादव की वापसी से टीम की बल्लेबाजी पहले से भी मजबूत दिखाई पड़ रही है। सूर्यकुमार यादव लंबे समय से मुंबई इंडियंस के लिए नंबर तीन पर कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले कुछ समय से सूर्यकुमार यादव चोट की समस्याओं से जूझ रहे थे। लेकिन अब वह पूरी तरह से फिट हो चुके हैं और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं।
सूर्या की वापसी से मुंबई मजबूत
33 साल के सूर्यकुमार यादव दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। टीम में वापसी करने के साथ ही उन्होंने प्रैक्टिस सेशन को ज्वाइन कर लिया। नेट्स में पहुंचकर उन्होंने कई घंटे तक प्रैक्टिस की। इस दौरान वह चौके छक्के लगाते हुए नजर आए। प्रैक्टिस सेशन के दौरान सूर्यकुमार यादव अपनी बल्लेबाजी को लेकर हेड कोच मार्क बाउचर और बैटिंग कोच किरोन पोलार्ड के साथ बातचीत करते हुए भी नजर आए। इसके बाद उन्होंने मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा से भी मुलाकात की। सूर्यकुमार यादव का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिस पर फैंस भी लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications