भारत के लिए टी-20 में झटके 90 विकेट, फिर भी वर्ल्ड कप टीम में नहीं मिली जगह, IPL में बना सबसे बड़ा मैच विनर
IPL 2024 Sunrisers Hyderabad vs Rajasthan Royals: आईपीएल 2024 का 50वां मुकाबला बेहद ही रोमांचक रहा। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स की टीम आखिरी ओवर में मुकाबला को गंवा बैठी। राजस्थान रॉयल्स को सनराइजर्स हैदराबाद ने एक रन से हराकर अपनी जगह प्लेऑफ में फिलहाल के लिए बना ली है। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए इस जीत के सबसे बड़े हीरो भुवनेश्वर कुमार रहे।
आखिरी 3 ओवर में चाहिए थे 27 रन
राजस्थान रॉयल्स को इस मुकाबले को जीतने के लिए आखिरी तीन ओवर में सिर्फ 27 रन बनाने थे। टी-20 क्रिकेट में 3 ओवर में 27 रन बनाना कोई बड़ी बात नहीं मानी जाती है। खास तौर पर इस सीजन को विस्फोटक सीजन माना गया है। ऐसे में आईपीएल 2024 के आखिरी के तीन ओवर में 50-60 रन भी बल्लेबाजों ने आराम से बनाए हैं।

गेंदबाजों ने दिखाया दम
लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों ने राजस्थान रॉयल्स के लिए यह काम बेहद मुश्किल कर दिया। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 18वें ओवर में टी नटराजन गेंदबाजी करने के लिए आए। उन्होंने अपनी यॉर्कर से राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजों को रन बनाने का कोई भी मौका नहीं दिया। इस ओवर में उन्होंने सिर्फ सात रन दिए। इसके बाद 19वां ओवर कप्तान पैट कमिंस ने खुद डालने का काम किया। कमिंस ने भी सिर्फ सात रन दिए और एक विकेट भी झटका।
रोमांचक रहा आखिरी ओवर
राजस्थान रॉयल्स को आखरी ओवर में जीत के लिए 13 रनों की जरूरत थी। ऐसे में कप्तान पेट कमिंस ने भुवनेश्वर कुमार को गेंद थमाया। जिसके बाद आर अश्विन ने पहली गेंद पर एक रन लेकर स्ट्राइक रोवमेन पॉवेल को दे दिया। दूसरी गेंद पर पॉवेल ने दो रन लिए। आखिरी तीन गेंद पर राजस्थान को जीत के लिए 6 रन चाहिए थे। इसके बाद चौथी गेंद पर पॉवेल ने दो रन लिए और स्ट्राइक अपने पास रखा। पांचवीं गेंद पर पॉवेल एक बार फिर से दो रन लेने में कामयाब रहे। लेकिन आखिरी गेंद पर पॉवेल एलबीडब्ल्यू आउट हो गए और सनराइजर्स हैदराबाद ने इस मुकाबले को एक रन से जीत लिया।
भारत के लिए झटके हैं 90 विकेट
भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए भी कई टी-20 मैचों में मैच विनिंग स्पेल डालने का काम किया है। हाल ही में टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया गया है। इस टीम में भुवनेश्वर कुमार का नाम शामिल नहीं है। यहां तक कि भुवनेश्वर कुमार को लेकर चर्चाएं भी नहीं की गई है। भुवनेश्वर कुमार ने टी-20 फॉर्मेट में भारत के लिए कुल 90 विकेट झटके हैं। एक समय भारत के सबसे अनुभवी गेंदबाजों में शुमार भुवनेश्वर कुमार एक समय भारतीय टीम के सबसे बड़े मैच विनर थे।












Click it and Unblock the Notifications