DC vs SRH: सनराइजर्स हैदराबाद का वर्ल्ड रिकॉर्ड, टी20 में बनाया ऐसा कीर्तिमान जो पहले कभी नहीं बना
DC vs SRH: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर बल्लेबाजों ने तहलका मचा दिया। टॉस जीतकर दिल्ली ने गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की जोड़ी ने दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों की धज्जियाँ उड़ा डाली।
हेड और अभिषेक शर्मा ने टी20 इतिहास में पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर बना दिया। 6 ओवरों में ही हैदराबाद ने 125 रन जड़े। टी20 क्रिकेट में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। आईपीएल में किसी भी टीम द्वारा सबसे तेज 100 रन बनाने का कीर्तिमान सनराइजर्स हैदराबाद ने बना दिया।

ट्रेविस हेड ने चौके और छक्कों की बारिश करते हुए 16 गेंदों में ही अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। अभिषेक शर्मा ने भी तूफानी बैटिंग करते हुए रन जमा दिया। वह 13 गेंद में जायसवाल की फिफ्टी का रिकॉर्ड तोड़ने से पहले आउट हो गए। अभिषेक ने 12 गेंद में 46 रन बनाए, उनके बल्ले से 2 चौके और 6 छक्के आए।
उधर ट्रेविस हेड फिफ्टी जड़ने के बाद और ज्यादा तेज हो गए, वह दनादन रन बरसाते हुए 80 पार पहुँच गए लेकिन इस सीजन का दूसरा शतक जड़ने से चूक गए। हेड ने 32 गेंद में 89 रन बनाए। उनके बल्ले से 11 चौके और 6 छक्के आए। हेड के पास आईपीएल में दूसरा सबसे तेज शतक जड़ने का मौका था। वह ऐसा करने में नाकाम रहे। कुलदीप यादव ने उनको आउट कर दिया। इस सीजन जोस बटलर दो शतक जमा चुके हैं।
पावरप्ले के दौरान ही ट्रेविस हेड ने 26 गेंद में 84 का स्कोर हासिल कर लिया था, यह हैदराबाद के लिए पावरप्ले में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है। आईपीएल में 10 ओवरों के बाद सबसे ज्यादा स्कोर करने वाली टीम भी हैदराबाद बन गई, इस मैच में हैदराबाद ने 4 विकेट पर 158 रन बनाए। इससे पहले मुंबई के खिलाफ हैदराबाद ने इसी सीजन 2 विकेट पर 148 रन बनाए थे।












Click it and Unblock the Notifications