IPL 2024: विराट कोहली ने रचा इतिहास, कोई भारतीय नहीं कर सका था ऐसा, धोनी को लगाया गले
IPL 2024, Virat Kohli: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने टी-20 फॉर्मेट में इतिहास रच दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आईपीएल 2024 के पहले मुकाबले में ही विराट कोहली ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। विराट कोहली के नाम टी-20 फॉर्मेट में 12000 से अधिक रन हो चुके हैं। वह ऐसा कारनामा करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
आरसीबी के कप्तान हुए आउट
बेंगलुरु के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। आरसीबी को कप्तान फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने फाफ डु प्लेसिस को आउट कर आरसीबी को बड़ा झटका दिया। रहमान की गेंद पर प्लेसिस रचिन रविंद्र के हाथों कैच आउट हो गए।

मैक्सवेल ने किया निराश
प्लेसिस ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम के लिए 35 रन जोड़े। लेकिन इसके बाद आरसीबी लगातार तीन विकेट गंवा दिए। डुप्लेसिस के बाद रजत पाटीदार भी ज्यादा कमाल नहीं कर सके। मुस्तफिजुर रहमान की गेंद पर पाटीदार आउट होकर पवेलियन लौट गए। वह अपना खाता खोलने में भी नाकाम रहे। वहीं चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ग्लेन मैक्सवेल भी कुछ खास नहीं कर सके। दीपक चाहर की गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल महेंद्र सिंह धोनी के हाथों कैच आउट हो गए।
कोहली ने रचा इतिहास
इस सबके बीच विराट कोहली ने 6 रन पूरा करते ही अपने टी-20 करियर का 12000 रन पूरा किया। विराट कोहली से पहले भारत के लिए ऐसा कारनामा किसी भी बल्लेबाज ने नहीं किया था। विराट कोहली टी-20 फॉर्मेट में 12000 रन पूरा करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। वेस्टइंडीज के ताबड़तोड़ बल्लेबाज क्रिस गेल इस लिस्ट में टॉप पर हैं।
धोनी को लगाया गले
लंबे समय बाद महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली मैदान पर एक दूसरे के साथ नजर आए। विराट कोहली जब बल्लेबाजी करने के लिए आए तो उस दौरान महेंद्र सिंह धोनी विकेटकीपिंग कर रहे थे। महेंद्र सिंह धोनी को देखकर विराट कोहली ने उन्हें गले लगा लिया। इन दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications