IPL 2024: हार्दिक पंड्या भी नहीं बदल पाए मुंबई इंडियंस का भाग्य, गुजरात के गेंदबाज ने तोड़ा बड़ा सपना
IPL 2024 GT vs MI: गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुंबई इंडियंस की टीम को आईपीएल 2024 का पहला मुकाबला गंवाना पड़ा। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे। साल 2012 से लगातार मुंबई इंडियंस आईपीएल सीजन के पहले मुकाबले को हारती चली आ रही है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस की टीम ने आखिरी बार साल 2011 में जीता था।
मुंबई को मिली हार
इस सीजन मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पंड्या को टीम का कप्तान बनाया। गुजरात टाइटंस के पूर्व कप्तान हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस की तरफ से पहली बार इस सीजन कप्तानी करने मैदान में उतरे थे। टॉस जीतकर हार्दिक पंड्या ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। गुजरात की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 168 रन बनाए। जिसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 162 रन ही बना सकी।

आखिर ओवर में चाहिए थे 19 रन
रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पंड्या को मुंबई की टीम ने साल 2024 के लिए अपना नया कप्तान घोषित किया था। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हार्दिक पंड्या का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। इससे पहले गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलते हुए उन्होंने यहां पर कई मैच विनिंग पारियां खेली थी। लेकिन मुंबई इंडियंस को आखिरी ओवर में वह जीत दिलाने में नाकाम रहे। आखिरी ओवर में मुंबई को जीत के लिए 19 रन चाहिए थे। लेकिन हार्दिक पंड्या एक छक्का और एक चौका लगाकर आउट हो गए। जिसके बाद मुंबई की टीम मुकाबले को 6 रनों से गंवा बैठी।
मोहित शर्मा ने बनाया रिकॉर्ड
इस मैच के दौरान गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने एक कमाल का रिकॉर्ड बना लिया है। मोहित शर्मा मुंबई के खिलाफ सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में ड्वेन ब्रावो के साथ टॉप पर पहुंच गए हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल में सबसे अधिक विकेट लेने का रिकार्ड वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी ब्रावो के नाम है। ब्रावो ने मुंबई के खिलाफ आईपीएल में अब तक कुल 33 विकेट लिए हैं।
जबकि मोहित शर्मा ने भी 33 विकेट पूरे कर लिए हैं। मोहित शर्मा के पास इस ब्रावो के रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका होगा। इन दोनों गेंदबाजों के अलावा मुंबई इंडियंस के खिलाफ आर अश्विन ने सबसे अधिक 26 विकेट चटकाए हैं। वही युजवेंद्र चहल ने मुंबई के खिलाफत अब तक कुल 25 विकेट झटके हैं। जबकि मौजूदा समय में मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले पीयूष चावला ने भी मुंबई के खिलाफ कुल 25 विकेट झटकने का कारनामा किया हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications