DC vs MI: 11 चौके-6 छक्के, जेक फ्रेजर मैकगर्क के आगे बुमराह-पंड्या सब फेल, महज 27 गेंदों में जड़ दिए 84 रन
IPL 2024 DC vs MI Jake Fraser-McGurk: दिल्ली कैपिटल्स के युवा सलामी बल्लेबाज जेक फ्रेजर मैकगर्क बल्ले से तबाही मचा रहे हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ जेक फ्रेजर मैकगर्क ने महज 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। जेक फ्रेजर-मैकगर्क और अभिषेक पोरेल ने दिल्ली को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ही बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करना जारी रखा।
मैकगर्क के आगे सब फेल
मैकगर्क ने महज 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। कप्तान हार्दिक पंड्या ने मैकगर्क को रोकने के लिए सभी गेंदबाजों को आजमा लिया। ल्यूक वुड, जसप्रीत बुमराह, नुवान तुषारा और कप्तान हार्दिक पंड्या भी मैकगर्क को आउट करने में नाकाम रहे। आखिरकार पीयूष चावला ने मैकगर्क को आउट कर मुंबई को बड़ी सफलता दिला दी। पीयूष चावला की गेंद पर छक्का लगाने की कोशिश में मैकगर्क मोहम्मद नबी के हाथों कैच आउट हो गए।

धमाकेदार बल्लेबाजी से जीता दिल
फ्रेजर मैकगर्क मौजूदा सीजन में अभी तक 104 गेंद खेली हैं। जिनमें वो 22 चौके और 22 छक्के लगा चुके हैं। मुंबई इंडियंस से पहले हैदराबाद के खिलाफ अपने डेब्यू आईपीएल मैच में भी फ्रेजर मैकगर्क ने 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ने का काम किया था। फ्रेजर मैकगर्क इस सीजन दिल्ली के लिए अभी तक काफी विस्फोटक बल्लेबाज रहे हैं।
पृथ्वी शॉ हुए टीम से बाहर
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। दिल्ली कैपिटल ने इस मैच के लिए पृथ्वी शॉ को टीम में जगह नहीं दी है। पृथ्वी शॉ की जगह युवा बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। इसके अलावा तेज गेंदबाज लिजाद विलियम्स को भी इस मुकाबले में दिल्ली की तरफ से आईपीएल डेब्यू करने का मौका मिला है।
मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, नेहल वढेरा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), टिम डेविड, मोहम्मद नबी, पीयूष चावला, ल्यूक वुड, जसप्रीत बुमराह, नुवान तुषारा।
दिल्ली कैपिटल्स : जेक फ्रेजर-मैकगर्क, कुमार कुशाग्र, शाई होप, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, अभिषेक पोरेल, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, लिजाद विलियम्स, मुकेश कुमार, खलील अहमद।












Click it and Unblock the Notifications