IPL 2023: रोहित शर्मा आखिर क्यों अपने पहले IPL मैच को याद नहीं करना चाहते ?
रोहित शर्मा आईपीएल में अपना पहला सीजन डेक्कन चार्जर्स के लिए खेले थे, वह उस समय काफी कम उम्र के थे।

IPL 2023 Rohit Sharma : रोहित शर्मा आइपीएल के सबसे सफल कप्तान है। लेकिन आइपीएल में उनका पहला मैच बहुत निराशाजनक रहा था। उस समय वे मुम्बई इंडियंस की टीम में शामिल नहीं थे। तब एमआइ ने उन्हें खरीदने में रुचि नहीं दिखायी थी। आइपीएल के पहले संस्करण में उन्हें डेक्कन चार्जर्स ने खरीदा था। बाद में डेक्कन चार्जर्स का स्थान सनराइजर्स हैदराबाद ने ले लिया। तब डेक्कन चार्जर्स के कप्तान वीवीएस लक्ष्मण थे। डेक्कन चार्जर्स की तरफ से रोहित शर्मा ने अपना पहला मैच कोलकाता नाइटराइजर्स के खिलाफ को खेला था। उस समय उनकी उम्र केवल 20 साल थी और वे भारत के उभरते हुए स्ट्रोक प्लेयर थे।
डेक्कन चार्जर्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स
20 अप्रैल 2008 को डेक्कन चार्जर्स ने अपना पहला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेला था। डेक्कन के कप्तान लक्ष्मण ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी चुनी थी। लेकिन उनका यह फैसला गलत साबित हुआ। उस समय केकेआर के कप्तान सौरव गांगुली थे। इस टीम में रिकी पोंटिंग, ब्रैंडन मैकुलम, संजय बांगड़ (मौजूदा कमेंट्रेटर) और पाकिस्तान के मोहम्मद हफीज जैसे दिग्गज शामिल थे। डेक्कन की तरफ से एडम गिलक्रिस्ट और वेणु गोपाल राव ने पारी शुरू की। इशांत शर्मा, अजीत अगरकर और अशोक डिंडा केकेआर के फास्ट बॉलर थे। लेकिन इस मैच में केकेआर के स्पिनर मुरली कार्तिक ने अपना सिक्का जमाया था। उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे गिलक्रिस्ट को आउट कर डेक्कन के रनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी।
रोहित- 0 से IPL करियर शुरू
रोहित शर्मा तीसरे नम्बर पर बल्लेबाजी के लिए आये। ये उनके आइपीएल करियर की पहली पारी था। तब तक डेक्कन की हालत खराब हो चुकी थी। कप्तान लक्ष्मण को डिंडा ने 0 पर आउट कर दिया था। 8.1 ओवर में 47 रन पर 3 विकेट गिर चुके थे। रोहित से टीम को तेज बैटिंग की उम्मीद थी क्यों कि रन रेट कम हो रहा था। मुरली कार्तिक रोहित शर्मा को गेंद डाल रहे थे। रोहित ने मुरली की दो गेंदों पर कोई रन नहीं लिया। तीसरी गेंद को खेलने की कोशिश में उन्होंने कीपर ऋद्धिमान साहा को कैच दे दिया। वे खाता नहीं खोल सके। रोहित की पहली आइपीएल पारी 0 से शुरू हुई।
दूसरे मैच में रोहित की वापसी
पहले मैच की नाकामी को रोहित ने अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। डेक्कन चार्जर्स ने दूसरा मैच दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ खेला। रोहित ने इस मैच में धमाकेदार पारी खेली। 36 गेंदों पर ताबड़तोड़ 66 रन बना दिये जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिले थे। लेकिन रोहित को किसी अन्य बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। पाकिस्तान के शाहीद आफरीदी तब डेक्कन चार्जर्स का हिस्सा थे। लेकिन उन्होंने इस मैच में केवल 2 रन बनाये। तब दिल्ली के लिए ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैकग्रा और पाकिस्तान के मोहम्मद आसिफ तेज गेंदबाजी किया करते थे। इनके आगे डेक्कन की टीम 20 ओवरों में 142/8 का स्कोर ही खड़ा कर सकी। इसके जवाब में दिल्ली के वीरेन्द्र सहवाग ने डेक्कन के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी थीं। उन्होंने 41 गेंदों पर 94 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल थे। सहवाग की पारी ने रोहित की पारी पर पानी फेर दिया। डेक्कन 9 विकेट से दूसरा मैच भी हार गया।
अंतिम पायदान पर डेक्कन
आइपीएल के पहले सीजन में डेक्कन चार्जर्स का सफर बहुत निराशजानक रहा। शुरू के तीन मैच वह हार गया। चौथे मैच में पहली जीत मिली। पूरी प्रतियोगिता में वह केवल दो ही मैच जीत सका और अंक तालिका में सबसे नीचे रहा। प्रतियोगिता के बीच में कप्तान वीवीएस लक्ष्मण इंजरी के कारण मैच से हट गये। उनकी जगह एडम गिलक्रिस्ट को कप्तान मिली। 2009 का आइपीएल दक्षिण अफ्रीका में आयोजित हुआ था क्यों उस समय भारत में लोकसभा का चुनाव होना था। दूसरे सीजन में डेक्कन के कप्तान एडम गिलक्रिस्ट थे। लक्ष्मण टीम में एक खिलाड़ी के तौर पर शामिल थे। रोहित शर्मा भी टीम का हिस्सा थे।
2009- रोहित का बल्ले और गेंद से कमाल
इस बार गिलक्रिस्ट की कप्तानी में डेक्कन ने कमाल कर दिया। पहले मैच में उसने कोलकाता नाइट राइडर्स को 8 विकेट से हराया। हर्शल गिब्बस ने 43 और रोहित शर्मा ने नाबाद 36 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी। डेक्कन ने दूसरे मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को हराया। इस मैच में रोहित ने 30 गेंदों पर 52 रन बनाये थे जिसमें एक चौका और 5 छक्के शामिल थे। ये जानकर कर हैरानी होगी कि रोहित ने दूसरे सीजन में अपनी बॉलिंग से भी डेक्कन को मैच जिताया था। सबसे खास बात ये कि उन्होंने ये करिश्मा उस टीम के खिलाफ किया था जिसके अब वे कप्तान हैं।
IPL में रोहित की बॉलिंग
6 मई 2009 को दक्षिण अफ्रीका के सेंचुरियन में डेक्कन चार्जर्स और मुम्बई इंडियंस के बीच मैच खेला गया था। डेक्कन में पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट पर 145 रन बनाये। सबसे अधिक रन रोहित शर्मा ने बनाये थे। उन्होंने 36 गेदों पर 38 रन जड़े थे। इसके जवाब में सचिन तेंदुलकर की कप्तानी वाली मुम्बई की टीम केवल 8 विकेट पर 126 रन ही बना सकी थी। इस मैच में एडम गिलक्रिस्ट ने एक चौंकाने वाला फैसला लिया था जो मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ। जब गिलक्रिस्ट ने 16 वें ओवर के लिए गेंद रोहित शर्मा को थमायी तो हर कोई हक्बक्का रह गया क्यों कि रोहित पार्ट टाइम बॉलर भी नहीं थे।
रोहित- 2 ओवर 6 रन 4 विकेट
लेकिन रोहित शर्मा ने क्या गजब की बॉलिंग की इस ओवर में उन्होंने सिर्फ 2 रन दिये और 2 विकेट (हरभजन, अभिषेक नायर) हासिल किये। इसके बाद 18वां ओवर भी रोहित शर्मा ने डाला। इस ओवर में उन्होंने जेपी डुमनी और सौरव तिवारी को आउट किया और खर्च किये सिर्फ 4 रन। रोहित ने दो ओवर में चार विकेट लेकर जीत रही मुम्बई को हार की तरफ ढकेल दिया। डेक्कन ने यह मैच 19 रनों से जीत लिया था। अंत में डेक्कन ने 2009 का आइपीएल खिताब अपने नाम किया था। रोहित शर्मा अब मुम्बई इंडियंस के कप्तान हैं और पांच बार टीम के चैंपियन बना चुके हैं। इस तरह रोहित अलग-अलग टीमों में रहते हुए आइपीएल ट्रॉफी जीत चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications