पंजाब किंग्स में जॉनी बेयरस्टो का बेस्ट रिप्लेसमेंट बन सकते हैं यह तीन खिलाड़ी, खतरनाक है टी20 में औसत
पंजाब किंग्स के धाकड़ खिलाड़ी जॉनी बेयरस्टो गुरुवार को आईपीएल 2023 से बाहर हो गए। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें एनओसी नहीं दी थी।

आईपीएल 2023 के आगाज से पहले गुरुवार को पंजाब किंग्स को उस वक्त बड़ा झटका लग गया, जब टीम के मैच विनर जॉनी बेयरस्टो चोट के कारण पूरे आईपीएल से बाहर हो गए। पंजाब किंग्स के लिए यह बड़ा झटका इसलिए भी है क्योंकि जॉनी बेयरस्टो ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपने दम पर मैच का रूख पलटने का माद्दा रखते हैं। जॉनी बेयरस्टो पिछले साल गोल्फ खेलने के दौरान चोटिल हुए थे और तब से वो इंग्लैंड टीम से भी बाहर चल रहे हैं। आईपीएल में खेलने के लिए इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड से बेयरस्टो को एनओसी नहीं मिली, जिस वजह से वो टूर्नामेंट में नहीं खेल पाएंगे। बताया जा रहा है कि बेयरस्टो खेलने की हालत में तो हैं, लेकिन ईसीबी उन्हें एशेज सीरीज के लिए संभालकर रखना चाहता है, जो जून में शुरू होगी।
जॉनी बेयरस्टो के आईपीएल से बाहर होने के बाद पंजाब किंग्स के अंदर अब उनके विकल्प पर चर्चा चल रही है। बेयरस्टो के विकल्प के लिए पंजाब किंग्स तीन खिलाड़ियों के नाम पर विचार कर सकती है, जो बेयरस्टो की सही जगह ले सकते हैं। आइए उन तीन खिलाड़ियों के बारे में हम आपको बताते हैं।
ट्रेविस हेड
ऑस्ट्रेलिया का यह सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो का सबसे तगड़ा रिप्लेसमेंट बन सकता है। ट्रेविस हेड हाल ही में भारत दौरे पर बहुत अच्छे फॉर्म में नजर आए थे। वनडे सीरीज में ट्रेविड हेड ने कई अच्छी पारियां खेली थीं। साथ ही ट्रेविस हेड के पास आईपीएल का भी अनुभव है। हालांकि उन्होंने आईपीएल के 10 ही मैच खेले हैं। ट्रेविस हेड 100 से ज्यादा टी20 मुकाबले भी खेल चुके हैं। टॉप ऑर्डर के लिए ट्रेविस हेड सबसे अच्छा विकल्प हैं।
डेविड मलान
इंग्लैंड टीम में जॉनी बेयरस्टो के ही साथी खिलाड़ी डेविड मलान भी उनके रिप्लेसमेंट बन सकते हैं। मलान पहले भी पंजाब किंग्स में खेल चुके हैं। हालांकि उनके पास आईपीएल का ज्यादा अनुभव नहीं है। वो सिर्फ एक ही आईपीएल मैच खेले हैं, लेकिन वो उस स्तर के खिलाड़ी हैं जहां बेयरस्टो के रिप्लेसमेंट के लिए उनके नाम पर विचार किया जा सकता है। डेविड मलान का टी20 इंटरनेशनल में 38 का औसत है और 134 का स्ट्राइक रेट है। इसके अलावा डेविड मलान आईसीसी की टी20 रैंकिंग में नंबर वन बल्लेबाज भी रह चुके हैं।
रासी वैन डेर दुसेन
दक्षिण अफ्रीका के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज रासी वैन डेर दुसेन टी20 क्रिकेट के बेस्ट खिलाड़ियों में से एक हैं। रासी वैन डेर दुसेन पिछले सीजन में राजस्थान रॉयल्स में थे, जहां उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिली थी। टी20 इंटरनेशनल में इस खिलाड़ी का शानदार रिकॉर्ड है। रासी वैन डेर दुसेन का टी20 इंटरनेशनल में 36 का औसत है और 128.73 का स्ट्राइक रेट है। उन्होंने 166 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं।












Click it and Unblock the Notifications