'ताकि मुझे नजर ना लगे', सूर्यकुमार यादव ने खोले अपनी बॉडी पर टैटू के राज, बताया अगला कौन सा होगा
Suryakumar Yadav tattoo significance- सूर्यकुमार यादव ने अपने शरीर पर बने टैटू की विशेषताओं के बारे में बात की है और अपने पसंदीदा टैटू के बारे में भी बताया है साथ ही यह भी बताया है कि उनका अगला टैटू कौन सा होगा।

IPL 2023 in Hindi: मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) अपनी टीम को खिताब जिताने की भरसक कोशिश कर रहे हैं। सूर्यकुमार भारत के भी एक धाकड़ T20 बल्लेबाज है। सूर्या की बॉडी पर टैटू (Tatoo) की भरमार है और उन्होंने आईपीएल 2023 के दूसरे क्वालीफायर मैच से पहले इन टैटू की विशेषता पर बात की है।
सूर्यकुमार यादव का कहना है कि उनका सबसे पहला टैटू उनके माता और पिता के नाम पर था क्योंकि पेरेंट्स ने उनको टैटू बनाने की परमिशन दी थी। सूर्यकुमार यादव के हाथ पर एक 'बुरी आंख' का टैटू भी है जिस पर टी20 के दिग्गज बल्लेबाज ने जियो सिनेमा पर एक इंटरव्यू के दौरान कहा, कि मेरी पत्नी के कहने पर मैंने ये टैटू बनाया है। क्योंकि उनको लगता है कि मुझे नजर जल्दी लग जाती है।
सूर्यकुमार यादव अपनी पत्नी के मुरीद रहे हैं और उनकी पत्नी को समर्पित एक टैटू भी है जो उनके दिल के काफी करीब है। जब सूर्यकुमार यादव से उनके फेवरेट टैटू के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उनके कंधे पर उनकी माता और पिता का पोर्ट्रेट है जो 4-5 साल पुराना है और यह उनका पसंदीदा टैटू है।
सूर्यकुमार यादव ने खुद को एक शांत शेर भी बताया और क्योंकि उनके हाथ पर एक शेर का टैटू भी है। यादव के आर्म के ऊपर एक तीर का टैटू भी है जिसकी खासियत बताते हुए स्काई कहते हैं कि यह जिंदगी को तब आगे बढ़ाने की ओर इशारा करता है जब आपको लाइफ पीछे खींच रही हो। इस दौरान सूर्यकुमार यादव ने हंसते हुए आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन बार शून्य बनाने का उदाहरण भी दिया।
सूर्यकुमार यादव के पैर पर जो टैटू है, वह बताता है कि एक बार में एक ही कदम उठाना चाहिए। यादव के आर्म के ऊपरी हिस्से पर एक और टैटू है जो काफी यूनीक है। ये न्यूजीलैंड की माओरी जनजाति से जुड़ा हुआ है।
इसके बारे में बताते हुए स्काई ने कहा कि वे जब न्यूजीलैंड के दौरे पर थे तो उन्हें माओरी जनजाति के डिजाइन के बारे में पता चला। तब उनकी मुलाकात एक बंदे से हुई, जिसने बताया कि इस डिजाइन से भाग्य और प्रेम दोनों आते हैं, जिससे आपको शांति मिलती है।
सूर्यकुमार यादव का कहना है कि वे एक बार फिर से टैटू बनाएंगे जो उनकी टीम कैप के नंबर पर होगा। यह टेस्ट, वनडे और टी-20 कैप के नंबर हैं। सूर्या की पत्नी ने उन्हें टेस्ट कैप मिलने तक का इंतजार करने के लिए कहा था। अब वे यह बना सकते हैं।
आईपीएल 2023 में सूर्य कुमार यादव के नाम 15 पारियों में 1 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं। वे इस सीजन में 544 रन बना चुके हैं। भारत के इंटरनेशनल मैचों में भी 46 पारियां खेलकर 1675 रन बनाए हैं और उनका सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर 117 रन है जो उन्होंने इंग्लैंड में जुलाई 2022 में बनाया था।
हालांकि उनको वनडे में खास सफलता नहीं मिली है। वे भारतीय टीम के लिए एक टेस्ट मैच भी खेल चुके हैं जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में था। यादव निश्चित तौर पर फिलहाल आईपीएल के दूसरे क्वालीफायर मैच पर फोकस कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications