RR vs SRH: संजू सैमसन का छलका दर्द, संदीप शर्मा की नो बॉल से मिली हार पर कह डाली यह बात
Sanju Samson ने संदीप शर्मा की नो बॉल से Rajasthan Royals की हार को लेकर एक अहम प्रतिक्रिया दी है।

Sanju Samson: रविवार को राजस्थान रॉयल्स एक जीता हुआ मुकाबला अंतिम गेंद पर हार गई। सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज अब्दुल समद ने संदीप शर्मा की गेंद पर छक्का जड़ते हुए अपनी टीम को जीत दिला दी। राजस्थान रॉयल्स के लिए यह किसी बुरे सपने से कम नहीं था।
राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने इस पर कहा है कि मुझे भरोसा था कि संदीप शर्मा अंतिम ओवर में डिफेंड कर लेंगे और उन्होंने चेन्नई के खिलाफ भी ऐसा किया था। आज भी वह ऐसा करने में सफल रहे थे, लेकिन उस नो बॉल ने पूरा गेम खराब कर दिया।
सैमसन ने कहा कि हमारी बल्लेबाजी काफी अच्छी रही थी लेकिन हैदराबाद ने भी समझदारी से बैटिंग की और इसके लिए उनके बल्लेबाजों को क्रेडिट जाता है। सैमसन ने कहा कि आईपीएल में कभी भी यह नहीं सोचना चाहिए कि हम मुकाबला अब जीत चुके हैं।
राजस्थान के कप्तान ने कहा कि संदीप यह जानते हैं कि क्या करना है लेकिन शायद कई बार माइंडसेट इसलिए भी बदल जाता है, जब हम सोचते हैं कि काम पूरा हो चुका है। हर कोई जश्न मना रहा था और मुझे लगता है कि इस गेम का यही (उतार-चढ़ाव) स्वभाव है।
गौरतलब है कि अंतिम ओवर की छठी गेंद पर संदीप शर्मा ने अब्दुल समद के सामने नो बॉल डाल दी थी। यहीं पर गलती हो गई। इस गेंद पर जीतने के लिए हैदराबाद को 5 रनों की आवश्यकता थी। नो बॉल के अलावा इस गेंद पर कोई रन नहीं आया लेकिन अगली गेंद फ्री हिट मिल गई। इस पर समद ने छक्का जड़ते हुए हैदराबाद को जीत दिला दी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और 2 विकेट पर 214 रन बनाए। जवाब में खेलते हुए हैदराबाद ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट पर 217 रन बना लिए। राजस्थान रॉयल्स को दूसरे मैच में 200 से ज्यादा रन बनाने के बाद हार मिली है। मुंबई इंडियंस ने भी उनको हराया था।












Click it and Unblock the Notifications