IPL 2023: MI के खिलाफ पहले मैच के लिए बढ़ी RCB की मुश्किलें, दो बड़े खिलाड़ियों के बिना खेलना पड़ सकता है
IPL 2023 RCB: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलौर टीम के सामने भी चोटों के मामले में पंजाब किंग्स जैसी चुनौतियां आ रही हैं। उनके एक खिलाड़ी का शुरुआती स्टेज से बाहर होना तय है तो दूसरे का पहले मुकाबले में खेलना मुश्किल है।

IPL 2023: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलौंर (Royal Challengers Bangalore) की टीम को कुछ शुरुआती झटके लगने तय हैं क्योंकि टीम के प्रीमियर पेसर जोश हेजलवुड इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के शुरुआती स्टेज में नहीं खेल पाएंगे। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज अभी भी चोट से उबर रहे हैं जिन्होंने उनको हाल ही काफी परेशान रखा है। हेजलवुड एड़ी के ऊपर के टेंडन (Achilles) में तकलीफ के चलते वे भारत में पूरी बॉर्डर-गावस्कर सीरीज से बाहर रहे थे।
जोश हेजलवुड शुरुआती स्टेज से बाहर
हेजलवुड, को RCB ने 2022 में मेगा नीलामी में 7.75 करोड़ में चुना था। इस सीजन में उनसे टीम के बॉलिंग अटैक को लीड करने की उम्मीद थी, लेकिन बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज के दौरान वापस भेजे जाने के बाद वह ऑस्ट्रेलिया में ही रहे। वे क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मेडिकल स्टाफ से परामर्श के बाद ही आईपीएल में अपनी भागेदारी पर फैसला करेंगे। कुछ ऐसी ही स्थिति लियाम लिविंगस्टोन के साथ है जो ईसीबी से क्लियरेंस ना मिलने के बाद पंजाब किंग्स के लिए पहला मैच चूक जाएंगे।
ऑस्ट्रेलिया बोर्ड अपने खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर कोई समझौता करने की स्थिति में नहीं हैं क्योंकि आईपीएल के बाद भारत के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC Final) फाइनल है। फिर जून और जुलाई में इंग्लैंड में पूरी एशेज सीरीज है। इसके बाद भारत में अहम वनडे वर्ल्ड कप भी है। हेजलवुड कह चुके हैं कि वे टेस्ट क्रिकेट को सबसे पहली प्राथमिकता देंगे। हालांकि वे आईपीएल में खेलने के लिए भी इच्छुक हैं लेकिन पहले फिटनेस हासिल करना जरूरी है।
ग्लैन मैक्सवैल का भी पहला मैच खेलना संदिग्ध
दूसरी ओर ग्लेन मैक्सवेल का भी मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ खेलना तय नहीं है क्योंकि वह टांग की चोट से उबर रहे हैं। हालांकि वे कह चुके हैं कि पूरे आईपीएल में उनको बिना 100 प्रतिशत फिटनेस के ही खेलना होगा क्योंकि टांग की टूटी हड्डी की चोट से 100 प्रतिशत उभरने में अभी भी महीनों लग जाएंगे।
आरसीबी की टीम पहला मैच मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेल रही है। एमआई के लिए ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। ग्रीन 2023 की नीलामी में 17.5 करोड़ रुपये में बिके थे।












Click it and Unblock the Notifications