RR vs DC: डेविड वॉर्नर ने IPL में 6000 रन बनाकर रचा इतिहास, कोहली और धवन को पछाड़ा
Rajasthan Royals vs Delhi Capitals, David Warner: राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के लिए डेविड वॉर्नर ने अकेले लड़ाई लड़ी। लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सके।

RR vs DC, 11th Match, Indian Premier League 2023: राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स को 57 रनों से हार झेलनी पड़ी है। आईपीएल के 16वें सीजन में दिल्ली की यह लगातार तीसरी हार है। टीम के नियमित कप्तान ऋषभ पंत की गैर मौजूदगी में खिलाड़ियों का प्रदर्शन अब तक काफी साधारण रहा है। डेविड वॉर्नर को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज अब तक अपनी छाप छोड़ने में सफल नहीं हो सका है।
डेविड वॉर्नर ने रचा इतिहास
राजस्थान के खिलाफ डेविड वॉर्नर ने शानदार अर्धशतक जड़ने का काम किया। इस मैच में वॉर्नर 55 गेंद में 65 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके लगाए। इसके साथ ही उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 6000 रन भी पूरा किया। वॉर्नर ने आईपीएल की 165 पारियों में 6000 रन के आंकड़े को पार किया है। सबसे तेज आईपीएल 6000 रन बनाने के मामले में वॉर्नर ने कई दिग्गजों को पीछे छोड़ने का काम किया।
विराट कोहली और शिखर धवन को छोड़ा पीछे
आईपीएल में छह हजार रन बनाने वाले डेविड वॉर्नर पहले विदेशी क्रिकेटर बन गए हैं। सबसे तेज 6000 रन बनाने के मामले में डेविड वॉर्नर ने शिखर धवन और विराट कोहली जैसे बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है। वॉर्नर ने 165 पारियों में 6000 रन बनाया है। वहीं विराट कोहली ने 188 पारियों और शिखर धवन ने 199 पारियों में आईपीएल में 6000 रन के आंकड़े को छूने का काम किया था।
दिल्ली को 57 रन से मिली हार
इस मुकाबले में टॉस हारकर राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199 रन बनाए। जिसके जवाब में दिल्ली की टीम सिर्फ 142 रन बना पाई और 57 रन से मैच हार गई। दिल्ली के लिए सिर्फ डेविड वॉर्नर ने अर्धशतक जड़ने में कामयाबी हासिल की। वॉर्नर के अलावा ललित यादव ने 38 और राइली रूसो ने 14 रन बनाए। दिल्ली की टीम लगातार तीसरी हार के साथ प्वाइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर आ गई है।












Click it and Unblock the Notifications