IPL 2023: मुंबई इंडियंस को एक और झटका, बुमराह के बाद पूरे सीजन से बाहर हुआ एक और तेज गेंदबाज
IPL 2023 से पहले एमआई को एक और झटका लगा जब बुमराह के बाद एक और तेज गेंदबाज बाहर हो गया है। मुंबई को अब जोफ्रा आर्चर के ऊपर काफी हद तक निर्भर रहना होगा।

आईपीएल 2023 (IPL 2023) से पहले पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को एक और झटका लगा है। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जे रिचर्डसन ( Jhye Richardson) आगामी आईपीएल 2023 में नहीं खेल पाएंगे और एशेज के लिए भी बाहर हो सकते हैं क्योंकि उन्होंने अपनी हैमस्ट्रिंग की समस्या से छुटकारा पाने के लिए सर्जरी करवाई है। मुंबई की टीम पहले ही जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी से जूझ रही है। अब रिचर्डसन बाहर हो गए हैं।
26 वर्षीय रिचर्डसन को पिछले हफ्ते क्लब क्रिकेट खेलते हुए फिर से चोटिल हो गए। इससे पहले बिग बैश लीग (बीबीएल) के दौरान भी उनकी मांसपेशी में खिंचाव आया हुआ था। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज को पहले भारत के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला से बाहर कर दिया गया था। अब ये बाहर होने का सिलसिला लंबा खिंचेगा। चोटें खेल का हिस्सा हैं और रिचर्डसन ने इसको स्वीकार करते हुए ट्वीट किया है-
"चोटें क्रिकेट का एक बड़ा हिस्सा हैं, यह एक सच्चाई है। निराशाजनक हूं? हां बिल्कुल। लेकिन मैं अब एक ऐसी स्थिति में हूं जहां मैं वह कर सकता हूं जो मुझे पसंद है और मैं पहले से भी बेहतर खिलाड़ी बनने के लिए कड़ी मेहनत करने वाला हूं। एक कदम पीछे, दो कदम आगे। चलिए ऐसा ही करते हैं।"
रिचर्डसन पंजाब किंग्स के साथ अपने कार्यकाल के बाद आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस में शामिल होने वाले थे। हालांकि चोटों से उनका पुराना नाता रहा है क्योंकि उन्होंने इससे पहले 2019 में कंधे की सर्जरी कराई थी, जिसके कारण वह उस साल वनडे विश्व कप और एशेज से बाहर हो गए थे।
ताजा झटके पर प्रतिक्रिया करते हुए वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के कोच एडम वोग्स ने कहा, "जाहिर तौर पर यह नुकसानदायक है कि उसने हैमस्ट्रिंग को फिर से घायल कर दिया है और वह अपनी हैमस्ट्रिंग को सही करने के लिए महत्वपूर्ण समय गंवाने जा रहा है। लेकिन हम इस समय उनके साथ खड़े हैं। उम्मीद है वह अब चोट का समाधान ढूंढ लेंगे।"












Click it and Unblock the Notifications