IPL 2023: धोनी अगले आईपीएल में नहीं खेलेंगे, पूर्व भारतीय खिलाड़ी का बड़ा दावा
महेंद्र सिंह धोनी को लेकर अटकलें लगातार जारी हैं। इस बार मोहम्मद कैफ की तरफ से एक बड़ा दावा किया गया है।

IPL 2023 MS Dhoni: महेंद्र सिंह धोनी के एक्शन कुछ बातें कहते हैं लेकिन उनके बयान एकदम अलग ही होते हैं। हाल ही में कुछ मौकों पर ऐसा लगा था कि वह इस आईपीएल सीजन के बाद फिर से खेलते हुए नहीं दिखेंगे। हालांकि उनके एक बयान के बाद चीजों में बदलाव देखने को मिला।
इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का बयान आया है। कैफ का मानना है कि धोनी इस सीजन के बाद नहीं खेलेंगे और उन्होंने ऐसा हिंट भी दिया है। स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान धोनी को लेकर कैफ ने कुछ अहम बातों का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि मैं समझता हूं कि महेंद्र सिंह धोनी ने काफी बार हिंट दिया है कि यह उनका अंतिम आईपीएल है। वह लोगों को अनुमान लगाने का मौका दे रहे हैं और यह उनका स्वभाव है। मुझे ऐसा लग रहा है कि धोनी अगले आईपीएल सीजन में नहीं खेलेंगे।
धोनी के एक्शन भी कुछ ही रहे हैं और यही कारण है कि उनके अंतिम आईपीएल की चर्चा ज्यादा हो रही है। धोनी ने पिछले मैच में केकेआर के खिलाफ खेलने के बाद धोनी ने रैकेट से कुछ गेंदों को फैन्स की तरफ मारा था। इसके अलावा कुछ ऑटोग्राफ भी दिए। इनमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर की शर्ट पर दिया हुआ ऑटोग्राफ अहम रहा।
कैफ ने कहा कि हमने सनी सर को किसी भी क्रिकेटर से ऑटोग्राफ लेते हुए नहीं देखा। सुनील गावस्कर जैसा एक महान खिलाड़ी अपनी शर्ट पर धोनी का ऑटोग्राफ ले रहा है। इससे महेंद्र सिंह धोनी की महानता का पता चलता है। गौरतलब है कि धोनी और गावस्कर का यह वीडियो काफी वायरल हुआ था।
केकेआर के खिलाफ मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को हार का सामना करना पड़ा था। चेन्नई सुपर किंग्स ने 144 रन बनाये। जवाब में खेलते हुए केकेआर ने यह लक्ष्य 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। केकेआर की टीम के लिए नितीश राणा और रिंकू सिंह ने बेहतरीन अर्धशतकीय पारियां खेली।












Click it and Unblock the Notifications