'उम्मीद है जारी रहेगी प्रचंड फॉर्म', शुभमन गिल के मुरीद हुए रोहित शर्मा, हार के दर्द में भी दिख गई मुस्कान
IPL 2023 Mumbai Indians: आईपीएल 2023 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में शुभमन गिल का प्रदर्शन अपने चरम पर था और हारने वाली टीम मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने उनकी तारीफ की है।

IPL 2023 in Hindi: गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) की टीम मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) को आईपीएल 2023 के दूसरे क्वालीफायर में आसानी से 62 रनों से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंच गई है। इस जीत के हीरो शुभमन गिल (Shubman Gill) रहे जिन्होंने 60 गेंदों पर 129 रनों की धुआंधार पारी खेली और अपनी टीम का स्कोर 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 233 रन कर दिया।
इसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 18.2 ओवर में 171 रनों पर ही सिमट गई। गिल ने अपनी पारी में सात चौके और छह छक्के लगाए। जिस तरह से गिल अपनी पारी के दूसरे हाफ में आक्रामक थे, उनको रोकना बहुत ही मुश्किल था।
यहां तक कि पिछले मैच के हीरो आकाश मधवाल की भी उन्होंने खूब पिटाई की। इतना ही नहीं, मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) गिल के शतक के बाद खुद उनसे हाथ मिलाने आगे आए और उनके चेहरे पर जो मुस्कान थी वह बता रही थी कि गिल की पारी की क्या क्लास रही है।
रोहित ने इस मैच के बाद गिल की बहुत तारीफ भी की है। रोहित कहते हैं, यह अच्छा टोटल था जहां शुभमन गिल ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की है। शुभमन ने अंत तक बैटिंग की और हमारे किसी बल्लेबाज को भी ऐसा करने की जरूरत थी क्योंकि मैदान की एक साइड छोटी है और विकेट बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छा था।
"गुजरात को निश्चित तौर पर क्रेडिट जाता है जिस तरह से शुभमन गिल बैटिंग कर रहे हैं, उनको क्रेडिट देना होगा। वह बहुत अच्छी फॉर्म में हैं और मैं उम्मीद करता हूं कि यह बरकरार रहेगी।"
रोहित ने अपनी टीम के खिलाड़ी कैमरन ग्रीन और सूर्य कुमार यादव की बल्लेबाजी की भी तारीफ की लेकिन उनकी टीम बड़ी पार्टनरशिप बनाने में नाकाम रही। रोहित मानते हैं कि इस सीजन में मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी सबसे बड़ा पॉजिटिव रही है और अगले सीजन में इन युवा खिलाड़ियों के दमखम देखने लायक होंगे। रोहित के मुताबिक सीजन में सभी टीमों की बॉलिंग को दिक्कतें आई है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications