LSG vs RCB: आईपीएल में इतिहास रचने को तैयार विराट कोहली, दुनिया का कोई क्रिकेटर नहीं कर सका है ऐसा
Lucknow Super Giants vs Royal Challengers Bangalore, Virat Kohli: आरसीबी के लिए इस सीजन विराट कोहली ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया है।

LSG vs RCB, 43rd Match, Indian Premier League 2023: लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच सोमवार यानी एक मई को एक बेहद रोमांचक मुकाबला खेला जाना है। दोनों ही टीम की कोशिश इस मैच को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में अपनी स्थिति को और मजबूत करने की होगी।
कोहली रच सकते हैं इतिहास: लखनऊ के खिलाफ होने वाले इस मुकाबले के दौरान फैंस की नजरें विराट कोहली पर होगी। महज 43 रन बनाते ही कोहली आईपीएल में 7000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। कोहली से पहले आईपीएल में अब तक किसी भी खिलाड़ी ने इस तरह का प्रदर्शन नहीं किया है।
ऐसा रहा है करियर: विराट कोहली ने आईपीएल में अब तक 231 मैच खेले है, जिनकी 223 पारियों में उन्होंने 6967 रन बनाए हैं। विराट ने ये रन 36.62 औसत और 129.72 स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 49 अर्धशतक निकले हैं।
इस सीजन बरस रहे हैं रन: विराट कोहली आईपीएल 2023 में बल्ले से जबरदस्त फॉर्म में दिखाई दे रहे हैं। कोहली लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। अब तक इस सीजन आईपीएल की 8 पारियों में से पांच में वह अर्धशतक लगा चुके हैं। कोहली के फॉर्म को देखकर अनुमान लगाया जा सकता है कि वह इस मैच में 7000 रन पूरा कर सकते हैं।
आरसीबी का पलड़ा भारी: लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का पलड़ा आईपीएल में भारी रहा है। लखनऊ और बैंगलोर के बीच अब तक 3 मैच खेले गए हैं। इन तीन मैचों में आरसीबी ने 2 और लखनऊ ने एक मुकाबला जीता है। ऐसे में चौथी बार होने वाले इस टक्कर पर हर किसी की नजरें बनी हुई है।
पहला मैच रहा था रोमांचक: इन दोनों टीमों के बीच सीजन का पहला मुकाबला हाई स्कोरिंग रहा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने दो विकेट पर 212 रन बनाए थे। इसके जवाब में लखनऊ ने नौ विकेट खोकर 213 रन बनाए और मैच जीत लिया। लखनऊ की ओर से मार्क्स स्टोइनिस और निकलोस पूरन ने मैच विनिंग नॉक खेली थी।
मिडल ऑर्डर है समस्या: आरसीबी की सबसे बड़ी समस्या मिडल ऑर्डर बल्लेबाजों का फ्लॉप होना है। विराट कोहली, फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल के अलावा टीम का कोई भी बल्लेबाज अपनी छाप नहीं छोड़ सकता है। आरसीबी की यही कमजोरी बाकी टीमों ने परख ली है। आरसीबी के मिडल ऑर्डर बल्लेबाजों को रन बनाना होगा।












Click it and Unblock the Notifications