IPL 2023: रवि बिश्नोई ने सुपरमैन की तरह लगाया गोता, फील्डिंग हुई ऐसी, 'मिसकैच' पर भी हो गई वाहवाही- VIDEO
IPL 2023 in Hindi: रवि बिश्नोई द्वारा की गई जबरदस्त फील्डिंग ने काफी वाहवाही बटोरी है। ऐसा कम ही होता है जब कैट छूट जाए लेकिन वह शानदार फील्डिंग के तौर पर गिना जाए।

आईपीएल 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने मोहाली में मेजबान पंजाब किंग्स को बुरी तरह से मात दी है। 28 अप्रैल को हुए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की टीम ने 20 ओवर में 257 रनों का बड़ा स्कोर ठोक दिया था जिसके जवाब में पंजाब की टीम 201 रन ही बना पाई।
इस मैच में राहुल रवि बिश्नोई ने अपनी जबरदस्त फील्डिंग से भी काफी तारीफें बटोरी। रवि बिश्नोई वैसे तो गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन इस बार उनकी फील्डिंग थी जिसने वाहवाही बटोरी है। यह पंजाब किंग्स की पारी का 15वां ओवर था जब लियाम लिविंगस्टोन ने बढ़ते रन रेट के मद्देनजर तेज गेंदबाज आवेश खान पर पॉइंट रीजन में जबर्दस्त प्रहार किया था।
लेकिन रवि बिश्नोई वहां पर मौजूद थे और उन्होंने पूरी तरह गोता लगाते हुए लगभग एक बेहतरीन कैच पकड़ लिया। भले ही यह कैच उनसे मिस हो गया लेकिन हर कोई इस खिलाड़ी की फुर्ती को सलाम करते हुए दिखाई दिया। देखने वाली बात यह थी कि बिश्नोई किस तरह से समय रहते गेंद के पास पहुंच गए थे।
इस तरह की फील्डिंग कभी एक जमाने में जोंटी रोड्स किया करते थे। अब काफी बल्लेबाज ऐसा कर लेते हैं। हालांकि बतौर गेंदबाज रवि बिश्नोई को हवा में से गोता लगाते हुए गेंद को रोककर देखना काफी सुखद था।
इस कैच से खुश लखनऊ सुपरजाइंट्स के ट्विटर हैंडल ने आईपीएल को टैग करते हुए लिखा- क्या आप बिश्नोई के कैच के प्रयास का वीडियो ट्वीट कर सकते हैं और आईपीएल ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यह मुराद पूरी कर दी।
जहां तक मुकाबले की बात है तो बिश्नोई ने गेंदबाजी में 4 ओवर फेंकते हुए 41 रन देकर दो विकेट लिए। हाई स्कोरिंग मैच में वे भले ही थोड़े महंगे साबित हुए लेकिन उन्होंने तूफानी पारी खेल रहे अथर्व तैद और लियाम लिविंगस्टोन जैसे धाकड़ बल्लेबाज के विकेट लिए।
रवि बिश्नोई अब तक इस आईपीएल में 8 मुकाबले खेल चुके हैं और 24.7 की औसत के साथ 10 विकेट ले चुके हैं। इस मुकाबले में 40 गेंदों पर 72 रन और गेंदबाजी में 1 विकेट लेने वाले मार्कस स्टोइनिस को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया।
इसके अलावा काइल मेयर्स ने भी 24 गेंदों पर 54, आयुष बडोनी ने 24 गेंदों पर 43 और निकोलस पूर्ण ने 19 गेंदों पर 45 रनों की पारी खेली थी। इस जीत के साथ लखनऊ सुपरजाइंट्स की टीम 8 मैचों में पांच जीत के साथ 10 अंक हासिल कर चुकी है और उनका रन रेट प्लस में है जिसके चलते वे नंबर दो पर पहुंच चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications