KKR vs RR Match: आज के मैच के दौरान कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कैसा रहेगा मौसम और पिच का मिजाज
KKR vs RR Match: आईपीएल में आज है एक और रोचक मुकाबला। कैसा रहेगा आज के मैच में कोलकाता के ईडन गार्डंस की पिच और मौसम का मिजाज

IPL 2023 KKR vs RR Pitch and Weather: इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में आज ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम राजस्थान रॉयल्स की मेजबानी करने के लिए तैयार है। दोनों टीमों के 11 मुकाबले खेलने के बाद 10-10 अंक हैं जो बताता है कि उनके लिए आज का मैच कितना अहम होने जा रहा है।
अगर राजस्थान रॉयल्स अपनी शुरुआती फॉर्म को बरकरार रखती तो इस समय वे सीजन की टॉप टीम होती लेकिन अभी वह पांचवें नंबर पर खिसक चुकी है। देखा जाए तो संजू सैमसन एंड कंपनी नितीश राणा की टीम के मुकाबले जीतने के लिए ज्यादा बेताब होगी।
ईडन गार्डंस की पिच की बात करें तो यह मैच उसी पिच पर खेला जाएगा जहां पिछले मैच खेले गए हैं। केकेआर की टीम पिच को अच्छे से जानती है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 163 रहता है लेकिन इस बार के सीजन में ईडन गार्डंस में यह स्कोर 205 हो गया है जो सबसे ज्यादा है।
इस पिच पर स्पिनर तेज गेंदबाजों की तुलना में ज्यादा सफल रहे हैं। हालांकि तेज गेंदबाजों के लिए भी थोड़ी बहुत मदद शुरू में रहती है। मैदान पर ओस की उम्मीद नहीं है लेकिन पिछले दो मैचों में देखा गया है कि बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने मैच जीते हैं।
राजस्थान रॉयल्स की स्थिति यहां पर बिल्कुल उलट है क्योंकि वह इस सीजन में बाद में बल्लेबाजी करते हुए 4 में से केवल एक मैच ही जीत पाए हैं। ऐसे में संजू सैमसन के लिए टॉस जीतने के बाद थोड़ी माथापच्ची का काम रहने वाला है। पिच थोड़ी स्लो रहेगी और धीमे गेंदबाजों को मदद करेगी।
मौसम की बात करें तो कोलकाता होने वाले इस मुकाबले से कुछ दूर बंगाल की खाड़ी में साइक्लोन कंडीशन बन रही है जिसके चलते यहां मैच से पहले बारिश की संभावना जताई गई थी। मैदान कर्मियों ने मैच से पहले की शाम पूरी फील्ड को कवर से ढक दिया था क्योंकि पूरी रात बारिश की उम्मीद थी।
अच्छी बात यह है कि आज बारिश के कोई चांस नहीं है। मैच के दौरान तापमान 27 से 38 डिग्री सेल्सियस रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications