IPL फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स को कैसे मिला मौसम का फायदा, इरफान पठान ने दिया टॉप-3 बॉलर्स का हवाला
IPL 2023 Final: इरफान पठान के अनुसार चेन्नई सुपर किंग्स के लिए गुजरात का मौसम फायदेमंद साबित हुआ। गुजरात टाइटंस को किस तरह से नुकसान हुआ, आइए यहां देखते हैं पठान ने क्या आकलन दिया है।

IPL 2023 CSK vs GT: आईपीएल के 2023 सीजन में टॉप तीन गेंदबाजों पर एक नजर डालते हैं तो मोहम्मद शमी, मोहित शर्मा और राशिद खान के नाम नजर आते हैं। इन तीनों में ही एक बात कॉमन है कि यह गुजरात टाइटंस से खेलते हैं। गुजरात टाइटंस की टीम का प्रभुत्व बताने के लिए यह तीनों गेंदबाज काफी हैं।
शमी 28 विकेट लेकर पर्पल कैप के विजेता हैं और मोहित शर्मा व राशिद खान के हिस्से में 27-27 विकेट है। अब कल्पना कीजिए कि एक मैच में अगर इन तीनों ही गेंदबाजों के एक-एक ओवर काट दिए जाएं, तो विपक्षी टीम के लिए कितना फायदे का सौदा हो जाएगा?
आपको ज्यादा कल्पना करने की जरूरत नहीं है क्योंकि आईपीएल 2023 के फाइनल में ऐसा वास्तव में हुआ था। गुजरात की टीम ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी की और पूरे 20 ओवर तक बैटिंग की। लेकिन जब चेन्नई सुपर किंग्स की बारी आई तो बारिश शुरू हो गई और मैच 15 ओवर का कर दिया गया, जिसमें सभी गेंदबाजों के अधिकतम तीन ओवर थे।
इसके चलते इन शानदार तीन गेंदबाजों के 1-1 ओवर कट गए और यह कहीं ना कहीं चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एडवांटेज का काम कर गया। यह बात हम नहीं कह रहे, बल्कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कही है।
इरफान पठान ने इन्हीं तर्कों को ध्यान में रखते हुए बताया है कि बारिश के चलते चेन्नई सुपर किंग्स को फाइनल मुकाबले में एडवांटेज मिला है। इसके लिए पठान ने ट्वीट किया जिसमें लिखा था, 'कल का फाइनल मुकाबला बारिश ने छोटा कर दिया। शमी, राशिद और मोहित को अपने नियमित चार ओवर के कोटे से 1 ओवर कम करना पड़ा। इसका मतलब यह था कि लीग के टॉप के 3 विकेट लेने वाले गेंदबाजों के हिस्से 18 बॉल नहीं आई। इसने निश्चित तौर पर चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एडवांटेज का काम किया है।'
इन तीनों की गेंदबाजी की बात करें तो शमी ने 3 ओवर में 29 रन दिए और कोई विकेट नहीं लिया। मोहित शर्मा ने 3 ओवर में 36 रन दिए और उनको तीन विकेट मिले। मोहित इस मैच को जिताने के काफी करीब आ पहुंचे थे लेकिन अंत में 2 गेंदों पर रवींद्र जडेजा ने बाजी मार ली। राशिद खान ने 3 ओवर में 44 रन दिए और कोई विकेट नहीं मिला।
इन सब आंकड़ों को ध्यान में रखकर कई यूजर्स ने इरफान पठान को बताया है कि अगर इनके एक-एक ओवर और भी हो जाते तो भी मैच में कोई खास फर्क नहीं पड़ता बल्कि ये मुकाबला समय से पहले खत्म हो जाता। खासकर राशिद खान की पिटाई बहुत ही जबरदस्त थी।












Click it and Unblock the Notifications