धड़कनें थामने वाले ओवर के हीरो बने रवींद्र जडेजा, भावुक हुईं पत्नी ने लगाया गले, धोनी को समर्पित की जीत- VIDEO
IPL 2023 Final Moments: आईपीएल 2023 फाइनल मैच के बाद रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा ने स्टेडियम में पहुंचकर उनको खुशी से गले लगा लिया। कैसा था अंतिम ओवर का रोमांच-

IPL 2023 in Hindi: चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Suepr Kings) की टीम आईपीएल 2023 की विजेता साबित हुई है। सीएसके ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) की टीम को 5 विकेट से हरा दिया। यह एक रोमांचक मैच था जहां अंतिम ओवर में जीत के लिए 13 रनों की दरकार थी। रवींद्र जडेजा ने जिस तरह से इस ओवर में अपनी टीम को अंतिम दो गेंदों पर जीत दिलाई, वह देखने लायक बात रही।
ये ओवर मोहित शर्मा ने फेंका था जो काफी बेहतरीन गेंदबाज साबित हुए हैं, और उन्होंने फाइनल मैच में भी 3 विकेट लिए। ऐसे में उन्होंने जब शुरू की 4 गेंदों पर केवल 3 रन दिए, तो चेन्नई की टीम भयंकर दबाव में थी। रवींद्र जडेजा ने अंतिम 2 गेंदों पर 1 छक्का और चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई। जब सब कुछ गुजरात के पक्ष में जाता हुआ दिखाई दे रहा था तो अंतिम दो गेंद सीएसके के लिए जैसे जादू लेकर आई, और जादूगर थे रवींद्र जडेजा।
इस ओवर की शुरुआत शिवम दुबे को परफेक्ट यॉर्कर मारकर की गई जिस पर कोई रन नहीं बना। अगली गेंद भी यॉर्कर थी और दुबे केवल एक ही रन बना पाए। तीसरी गेंद भी लगभग परफेक्ट यॉर्कर थी और जडेजा ने 1 रन लिया। एक बार फिर से चौथी गेंद बहुत ही अच्छी आई जो लो-फुलटोस थी और 1 रन बना।
अब सीएसके के सामने संकट खड़ा हो गया कि इतनी शानदार गेंदबाजी करने वाला यह बॉलर अगली दो गेंदों पर बाउंड्री कैसे देगा। लेकिन सामने थे जडेजा, जिन्होंने कई बार सीएसके की नैया पार लगाई है। जडेजा ने क्रीज में बहुत डीप में खड़े होकर यॉर्कर को हिट करने की रणनीति बनाई जो काम कर गई और उन्होंने लॉन्ग ऑन की ओर छक्का भेज दिया।
अब अंतिम गेंद पर जीत के लिए 4 रनों की दरकार थी। अगली गेंद जडेजा के पैड पर पड़ी, जिसको उन्होंने विकेट के पीछे घुमा कर सीधा चौका लगा दिया और चेन्नई सुपर किंग्स पांचवीं बार टाइटल जीत गई। यह जीत इतनी आसान नहीं थी लेकिन रवींद्र जडेजा ने इसको करके दिखा दिया। जडेजा का रोल बड़ा अहम था, जीत के बाद धोनी ने उनको खुशी से उठा लिया था।
मैच के बाद जडेजा ने कहा है कि उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी के लिए यह मैच जीता है। उन्होंने इस जीत को अपनी टीम के स्पेशल मेंबर धोनी को समर्पित किया है। जडेजा ने बताया है कि वह क्या सोच रहे थे। उन्होंने कहा कि, मुझे बहुत तेज बल्ला घुमाना था। चाहे कुछ भी हो जाए। मैं मोहित को सीधा मारने की ओर देख रहा था क्योंकि वह धीमी गेंद भी कर सकते थे।
इस दौरान जडेजा की पत्नी विधायक रिवाबा स्टेडियम से मैच देख रहीं थीं और वे जीत के बाद खुशी से झूम उठी। जैसे ही जडेजा ने अपनी टीम को जीत दिलाई तो रिवावा ने मैदान में आकर जडेजा को गले से लगा लिया और यह जैसे खूबसूरत फिल्मी सीन हो गया।।

खास बात यह है कि रिवाबा विधायक बनने के बाद अब हर मैच में जडेजा के साथ नहीं रहती हैं। ऐसे में जडेजा का पत्नी से लंबे समय बाद मुलाकात करना भी इस आईपीएल का काफी दिलचस्प पल बना।












Click it and Unblock the Notifications