IPL 2023: डेविड वार्नर बने Delhi Capitals के कप्तान, पंत को करेंगे मिस, अक्षर पटेल को मिली उप-कप्तानी
David Warner Delhi Capitals captain: दिल्ली कैपिटल्स ने गुरुवार को 2023 इंडियन प्रीमियर लीग के लिए डेविड वार्नर को अपना कप्तान घोषित किया है। अक्षर पटेल को उप-कप्तान के रूप में नामित किया गया है।

दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) ने गुरुवार को इस बात की घोषणा की है कि डेविड वार्नर (David Warner) इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) के लिए उनके कप्तान होंगे। साथ ही अक्षर पटेल (Axar Patel) को उप-कप्तान बनाया गया है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम के नियमित कप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant) फिलहाल अपनी चोटों के बाद हुई सर्जरी से उभर रहे हैं। पंत का पिछले साल दिसंबर में कार एक्सीडेंट हो गया था इसलिए अब वार्नर एक बार फिर से कप्तानी के रोल में आईपीएल में दिखाई देंगे।
डीसी ने सोशल मीडिया पर इस बात की पुष्टि की है जहां उन्होंने अक्षर और वार्नर की फोटो लगाई है। आईपीएल 2023 का पहला मैच 31 मार्च को होने जा रहा है तो वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम को अपना पहला मुकाबला 1 अप्रैल को खेलना है। वार्नर ने पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की टीम में वापसी की थी और अच्छे रन बनाए थे। अब उनको कप्तान की जिम्मेदारी निभाते देखना रोचक अनुभव होगा।
वार्नर ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत 2009 में दिल्ली फ्रेंचाइजी के साथ की थी, लेकिन पांच साल बाद सनराइजर्स हैदराबाद में चले गए। उन्होंने 2016 में इस टीम को खिताब भी जिताया। 2021 के सीजन में सनराइजर्स के मैनेजमेंट के साथ वार्नर का विवाद हो गया जिसके बाद वार्नर को फ्रैंचाइजी द्वारा रिलीज कर दिया गया और वे फिर दिल्ली लौट आए।

वार्नर ने कप्तान बनने की घोषणा के बाद कहा है, "ऋषभ दिल्ली कैपिटल्स के लिए जबरदस्त कप्तान रहे हैं और हम उनको मिस करने जा रहे हैं। मैनेजमेंट ने जो मुझ पर विश्वास जताया उसके लिए उनका शुक्रिया करना चाहता हूं। ये फ्रेंचाइजी हमेशा मेरे लिए होम रही है और मैं इतने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की अगुवाई करने के लिए बहुत ही उत्साहित हूं। मैं उनसे मिलने के लिए और इंतजार नहीं कर सकता।"
टूर्नामेंट के पिछले संस्करण में, वार्नर ने 12 मैचों में 150.62 की शानदार स्ट्राइक रेट से कैपिटल के लिए 432 रन बनाए थे। उन्होंने टूर्नामेंट में पांच अर्धशतक जड़े थे और सनराइजर्स के मैनेजमेंट को पूरी तरह से गलत साबित कर दिया। हालांकि, डेविड वार्नर के लिए बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी काफी खराब रही थी जहां दो टेस्ट मैचों के बाद उनको चोट के चलते ऑस्ट्रेलिया वापस लौटना पड़ा था।
वार्नर अब 17 मार्च से ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच होने जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में लौट चुके हैं। वार्नर के लिए ये सीरीज बहुत अहम होगी जो उनके कोच एंड्रूय मैकडोनाल्ड के अनुसार इस बल्लेबाज का वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप में करियर तय करेगी। वहीं दिल्ली कैपिटल ने इस बार क्रिकेट निदेशक के रूप में फ्रेंचाइजी में सौरव गांगुली की वापसी की भी पुष्टि की। गांगुली बीसीसीआई अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल से पहले कैपिटल्स से बतौर मेंटर जुड़े थे।












Click it and Unblock the Notifications