पंजाब किंग्स को लगा बड़ा झटका, अनुमति नहीं मिलने से दिग्गज खिलाड़ी IPL 2023 से बाहर
जॉनी बेयरस्टो के नहीं होने पर पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी पर असर पड़ेगा। अन्य विकल्पों की तरफ भी देखना पड़ेगा।

IPL 2023, Jonny Bairstow fails to get NOC: पंजाब किंग्स का प्रदर्शन आईपीएल में ज्यादा अच्छा नहीं कहा जा सकता। 15 साल के इतिहास में टीम को अब तक एक बार भी खिताबी जीत नसीब नहीं हुई है। इस सालभी पंजाब की टीम ट्रॉफी जीतने का सपना लेकर मैदान पर उतरेगी। पंजाब की टीम में इस बार काफी बदलाव किये गए हैं। शिखर धवन को कप्तान बनाया गया है। इस बीच टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही एक बुरी खबर आई है। पंजाब किंग्स का एक खिलाड़ी टूर्नामेंट से बाहर हो सकता है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार पंजाब किंग्स के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो इस सीजन शायद नहीं खेलेंगे। उनको इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड की तरफ से एनओसी नहीं मिली है। हालांकि लियाम लिविंगस्टोन के खेलने का रास्ता साफ़ हो गया है। उनको खेलने की अनुमति मिल गई है। पंजाब किंग्स ने लिविंगस्टोन को 11 करोड़ 50 लाख रुपये की बड़ी राशि के साथ शामिल किया था।
बेयरस्टो को 6 करोड़ 75 लाख रुपये की धन राशि के साथ पंजाब ने खरीदा था। हालांकि एनओसी नहीं मिलने पर उनकी जगह अन्य विकल्पों पर विचार करना पड़ेगा। ऐसे में पंजाब किंग्स को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। चोट के कारण बेयरस्टो इंग्लैंड के लिए टी20 वर्ल्ड कप में नहीं खेले थे। इसके अलावा पाकिस्तान और न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज भी वह नहीं खेल पाए थे।
इंग्लैंड के सैम करन पंजाब किंग्स के लिए उपलब्ध रहेंगे। करन को 18 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि में पंजाब ने खरीदा था। इस तरह इंग्लैंड के क्रिकेटरों पर पंजाब ने काफी राशि खर्च की है। सैम करन आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए भी खेले हैं। हालिया समय में वह गेंदबाजी में बेहतरीन रहे हैं।
पिछले साल पंजाब किंग्स के कप्तान मयंक अग्रवाल थे। इस बार उनकी जगह शिखर धवन को कप्तानी सौंपी गई है। मयंक अग्रवाल को रिलीज कर दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications