'जिसे नेपोटिज्म के लिए चिढ़ाया, उसने आज अपनी जगह कमा ली', अर्जुन के पहले IPL विकेट पर लगा बधाइयों का तांता
IPL 2023 Arjun Tendulkar: अर्जुन तेंदुलकर को नेपोटिज्म, कम बॉलिंग स्पीड को लेकर आलोचनाएं सहनी पड़ी हैं। उन्होंने दूसरे मैच में और भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए पहला आईपीएल विकेट लिया जिसके बाद बधाईयों का तांता लग गया।

IPL 2023 in Hindi: आईपीएल के मौजूदा सीजन का 25वां मुकाबला अर्जुन तेंदुलकर के लिए काफी खास साबित हुआ। मुंबई बनाम हैदराबाद के इस मैच में अर्जुन ने अपना पहला आईपीएल विकेट लिया। अर्जुन के सामने इस मैच में अंतिम ओवर में 20 रन डिफेंड करने का टारगेट था। अर्जुन ने ऐसा बखूबी किया और भुवनेश्वर कुमार का विकेट भी लिया।
अर्जुन ने इस मैच में 2.5 ओवर में 18 रन देकर एक विकेट हासिल किया। यह आईपीएल में अर्जुन का दूसरा मुकाबला था क्योंकि उन्होंने इससे पहले मैच में डेब्यू किया था। यह मुंबई इंडियंस का चौथा मैच था जो उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेला था। सचिन तेंदुलकर और अर्जुन ऐसे पिता और बेटे की जोड़ी भी बने जो आईपीएल में खेले हैं।
पिता ही हैं सबसे बड़ी चुनौती- अर्जुन उस शख्सियत के बेटे हैं जिनको क्रिकेट में भगवान का दर्जा हासिल है। इसके चलते उन पर भयंकर दबाव है और कहीं ना कहीं अर्जुन ने पिता की छाया से निकलने के लिए वह विकल्प चुना है जो जिसकी कल्पना सचिन के लिए नहीं की जा सकती। वह है तेज गेंदबाजी, वह भी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज। हालांकि अर्जुन की स्पीड को लेकर काफी बातें हो रही है और सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ऐसे जिन्होंने जूनियर तेंदुलकर की आलोचना भी की है।

बॉलिग स्पीड अभी कम है- तो वहीं कुछ यूजर्स ऐसे भी हैं जिन्होंने अर्जुन तेंदुलकर के आईपीएल में खेलने को नेपोटिज्म बताया है। लेकिन अभी तक अर्जुन के प्रदर्शन को देखें तो वह लाइन लेंथ और स्विंग वाले बॉलर नजर आते हैं जो अपनी स्पीड के ऊपर अभी बहुत ज्यादा निर्भर नहीं है। यह कुछ ऐसा ही है जैसे अपने करियर के शुरुआती दिनों में इरफान पठान थे जिन्होंने अपनी स्विंग की बदौलत बहुत ज्यादा विकेट लिए थे।
Recommended Video

प्रीति जिंटा का शानदार ट्वीट- अर्जुन की हालिया सफलता पर पंजाब किंग्स की सह मालकिन प्रीति जिंटा ने अर्जुन को बधाई दी है और कहा है कि कई लोगों ने नेपोटिज्म के लिए उन्हें चिढ़ाया लेकिन आज रात उन्होंने साबित कर दिया कि उन्होंने अपनी जगह अच्छी तरह से कमाई है। सचिन तेंदुलकर को बधाई। सचिन आपको बहुत गर्व होना चाहिए।
भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ कहते हैं कि अर्जुन तेंदुलकर का कद थोड़ा बढ़ गया है। उन्होंने आखिरी ओवर टाइट करके अपने कप्तान के भरोसे पर खरा उतरने का काम किया। अपने जज्बे पर काबू रखते हुए उन्होंने अपना पहला आईपीएल विकेट लिया। सचिन तेंदुलकर पाजी को मुबारक हो और अर्जुन के करियर के लिए मैं कामनाएं करता हूं।
वीरेंद्र सहवाग भी कहते हैं कि सचिन पाजी आज काफी गर्व महसूस कर रहे होंगे और मैं अर्जुन को अच्छा करते देखकर काफी खुश हूं। अर्जुन का हार्ड वर्क आखिरकार काम आ रहा है और यह मेरा आशीर्वाद है कि यह आने वाली महान चीजों की बस शुरुआत है। वेल डन अर्जुन।

इरफान पठान कहते हैं कि युवा तेंदुलकर का ठंडा दिमाग देखकर अच्छा लगा तो वहीं वेस्टइंडीज के सुपर फास्ट बॉलर रहे इयान बिशप ने कहा कि अर्जुन तेंदुलकर ने आखिरी ओवर बहुत जबरदस्त फेंका। यह केवल उनका दूसरा गेम है लेकिन उन्होंने बढ़िया तरीके से अपना काम किया। ये उनके लिए अच्छा है।
इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए थे। अर्जुन तेंदुलकर को अभी तक बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला है। मुंबई के टारगेट के जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 19.5 ओवर में 178 रनों पर ढेर हो गई थी। जेसन बेहरेनडॉर्फ, रिले मेरिथिट और पीयूष चावला को दो-दो विकेट मिले थे।












Click it and Unblock the Notifications